ग्वालियर की इनक्यूबेशन इकाई का ई-लोकार्पण सांसद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया शुभारंभ
ग्वालियर सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ग्वालियर जिला मुख्यालय पर भी गुरूवार को यहाँ सीपी कॉलोनी स्थित उद्योग विभाग के अपैरल इनक्यूबेशन सेंटर परिसर में जिला स्तरीय रोजगार दिवस का आयोजन हुआ। जिसमें सरकार की विभिन्न स्वरोजगारमूलक योजनाओं के तहत लगभग दो दर्जन हितग्राहियों को स्वयं का रोजगार स्थापित करने के लिये एक करोड़ 74 लाख रूपए से अधिक ऋण अनुदान वितरित किया गया। अपैरल इनक्यूबेशन इकाई सहित प्रदेश के विभिन्न इंक्यूबेशन सेंटर्स व औद्योगिक क्लस्टर्स का लोकार्पण व भूमिपूजन किया। साथ ही प्रदेश के सभी जिलों के युवाओं को सरकार की विभिन्न स्व-रोजगारमूलक योजनाओं के तहत स्व-रोजगार के लिये ऋण अनुदान वितरित किया।
यहाँ सीपी कॉलोनी में लैदर फैक्ट्री के स्थित अपैरल इंक्यूबेशन सेंटर के प्रथम तल पर सांसद विवेक शेजवलकर एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव ने फीता काटकर इंक्यूबेशन इकाई का शुभारंभ किया। साथ ही प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, मध्यप्रदेश खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, अंत्यावसायी विभाग की योजना एवं राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत 21 स्वरोजगारियों को एक करोड़ 74 लाख रूपए से अधिक ऋण-अनुदान के प्रमाण-पत्र सौंपे। जिला स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन पर बुदनी में आयोजित हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी हुआ।
अपैरल इंक्यूबेशन यूनिट से मिलेगा 200 लोगों को रोजगार
यहाँ सीपी कॉलोनी में भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय की एसआईएएम योजना के तहत स्थापित अपैरल इंक्यूबेशन सेंटर के प्रथम तल पर नई अपैरल इन्क्यूबेटी इकाई का ई-लोकार्पण गुरूवार को किया गया। इंक्यूबेशन सेंटर में शहर के दर्पण कॉलोनी निवासी युवा उद्यमी दीपांक गुप्ता द्वारा न्यूट्रोक्रेट्स प्रा.लि. नाम से रेडीमेड शर्ट निर्माण इकाई स्थापित की गई है। इस इकाई को संचालित करने के लिये विभाग द्वारा 100 सिलाई मशीनें तथा तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया गया है। इससे लगभग 200 लोगों को रोजगार मिलेगा। अपैरल इंक्यूबेशन सेंटर में पहले से भी एक गारमेंट इकाई स्थापित है। उससे भी लगभग 200 लोगों को वर्तमान में रोजगार मिल रहा है।
