MP के 6 टाइगर रिजर्व में 1 अक्टूबर से एंट्री, करीब से देख सकेंगे टाइगर
भोपाल. मध्यप्रदेश के सभी 6 टाइगर रिजर्व नेशनल पार्क 1 अक्टूबर से खुल जाएंगे। टूरिस्ट कोर एरिया में जाकर टाइगर्स के करीब से दीदार कर सकेंगे। टाइगर रिजर्व की सैर करने के लिए आपको पहले ऑनलाइन बुकिंग करना होगी, जो 1 महीने पहले खुल चुकी है। अच्छी बात ये है कि यदि आप अभी बुकिंग करते हैं तो कान्हा, बांधवगढ़, पन्ना, पेंच, सतपुड़ा और संजय डुबरी में आपको घूमने का मौका मिल सकता है, क्योंकि अक्टूबर के कई दिन के स्लॉट खाली है। दशहरा और दीपावली की छुटि्टयों में भी आप घूम सकते हैं। लोगों की पहली पसंद कान्हा नेशनल पार्क है।
सबसे पहले जानिए, क्या है कोर एरिया
हर नेशनल पार्क में ऐसा एरिया होता है, जहां जानवरों के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी और भोजन उपलब्ध होता है। वन क्षेत्र का यह सबसे घना जंगल वाला इलाका होता है। किसी भी नेशनल पार्क में बीच के इलाके को कोर एरिया कहा जाता है। कोर एरिया और करीबी ग्रामीण क्षेत्र के बीच का हिस्सा बफर जोन कहलाता है। इसमें कोर एरिया के मुकाबले जंगल व घनत्व कम होता है। बफर एरिया एक तरह से कोर एरिया के चारों ओर रिंग की तरह भौगोलिक क्षेत्र बनाता है और कोर एरिया की सुरक्षा करता है। यहां जानवरों की चहल-कदमी कम रहती है। यानी, कोर एरिया में भी अब टूरिस्ट जानवरों के दीदार कर सकेंगे।

