ग्वालियर में बन रही ‘सरकार’ के ताले की डुप्लीकेट चाबी

ग्वालियर. सियासत में सब कुछ खुलकर नहीं कहा जाता है। इशारों में समझा दिया जाता और समझने वाले समझ जाते हैं। एमपी की राजनीति में पिछले दिनों ऐसा ही हुआ। जो दिख रहा था, हकीकत उससे कहीं अलग थी। पोषण आहार पर एजी (महालेखाकार) की रिपोर्ट लीक होना ‘सरकार’ पर अटैक था, लेकिन सियासत पर बारीक नजर रखने वाले अतीत की घटनाओं को जोड़कर वहां तक पहुंच गए, जहां इसकी स्क्रिप्ट तैयार की गई।

पिक्चर शुरू हुई थी सबसे कमाऊ और मलाईदार महकमे के कमिश्नर को हटाने से, जिन्हें हटाया था, उनके ‘सरकार’ दिल्ली में बैठे हैं। शायद दिल्ली की भोपाल में सुनी नहीं गई। फिर क्या था, पहले ‘सरकार’ के सबसे भरोसमंद अफसर को घेरा गया। इस बीच पोषण आहार का बंद जिन्न बाहर लाया गया। यानी ‘सरकार’ पर सीधा अटैक, लेकिन हमलावार सामने नहीं आया। कौन है ‘सरकार’ का कथित दुश्मन यह अब आपको समझना है।

जिन अफसर को हटाया गया, उसका हेडक्वार्टर ग्वालियर में है। इस अफसर की नई पोस्टिंग एक महीने से नहीं हुई। ‘सरकार’ के भरोसेमंद अफसर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वाले मंत्री भी इसी इलाके से हैं। पोषण आहार की लीक हुई सीएजी (भारत के नियंत्रक-महालेखापरीक्षक) की ऑडिट रिपोर्ट का मुख्यालय भी ग्वालियर में है। इतना नहीं, रिपोर्ट में ज्यादातर जिले भी उसी क्षेत्र के हैं। ऐसे में एक खेमे में इस बात को लेकर हलचल है कि आखिर रिपोर्ट किसने लीक की? इस पर एक नेता की टिप्पणी- लगता है कि ‘सरकार’ के ताले की डुप्लीकेट चाबी ग्वालियर में तैयार हो रही है। यह ‘सरकार’ भी समझते हैं, लेकिन पर्दे के पीछे से वार का जवाब सार्वजनिक तौर पर नहीं दिया जाता है, इसलिए तो विधानसभा का मानसून सत्र समय से पहले स्थगित कर आग पर पानी डालने की कोशिश की गई। अब आगे-आगे देखिए होता है क्या।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *