आईपीएस अधिकारियों एवं उनके परिजनों ने की पानी के साथ अठखेलियाँ

आईपीएस कॉनक्‍लेव के दूसरे दिन हुए रोमांचकारी वाटर एवं ऐडवेंचर स्‍पोर्ट्स
भोपालए पैडल बोट से शांत जल के साथ हौले.हौले अठखेलियाँ तो पानी का सीना चीरते हुए फर्राटा भर रही स्‍पीड बोट की सवारी। रोमांचक ड्रेगन बोटिंग रेस तो विशालकाय क्रूज पर मधुर संगीत के बीच थिरकते कदम। साथ ही शिकारे में बैठकर शांत जल को निहारते हुए बिताए गए हसीन पल। यहाँ बात हो रही है आईपीएस कॉनक्‍लेव.2020 के तहत दूसरे दिन भोपाल की ऐतिहासिक बड़ी झील में आयोजित हुए वाटर स्‍पोर्ट्स एवं ऐडवेंचर वाटर स्‍पोर्ट्स की। जिसमें मध्‍यप्रदेश के आईपीएस अधिकारियों एवं उनके परिजनों ने वाटर स्‍पोर्ट्स का जमकर आनंद लिया।
मध्‍यप्रदेश पुलिस परिवार के मुखिया पुलिस महानिदेशक विजयकुमार सिंह ने भी रोमांचकारी स्‍पीड बोट की सवारी की। इसके बाद साथी आईपीएस अधिकारियों एवं परिजनों के साथ क्रूज पर बैठकर महासागर के सदृश्‍य बड़ी झील में सुदूर तक फैली मनोहारी जलराशि देखने गए। इसी तरह अन्‍य आईपीएस अधिकारी एवं उनके परिजनों ने रोमांच से भरे ऐडवेंचर वाटर स्‍पोर्ट्स के दौरान बिना किसी भय के पानी के साथ खूब अठखेलियाँ कीं। इस दौरान पैडल बोट की प्रतिस्‍पर्धा भी हुई, तो कुछ अधिकारियों ने चप्‍पू चलाकर ऐडवेंचर्स स्‍पोर्ट्स की पर्याय ड्रेगन बोट को भी पानी में तेज रफ्तार के साथ दौड़ाया। साथ ही क्रूज पर सवारी के दौरान डीजे की धुन पर हिन्‍दी, पंजाबी, राजस्‍थानी एवं पाश्‍चात्‍य धुनों पर खूब ठुमके लगाए।
आईपीएस अधिकारियों एवं उनके परिजन रोज.मर्रा की जिंदगी में आने वाले तनाव को दूर करने के लिए जब बड़ी झील में मस्‍ती करने पहुँचे तो वहाँ मौजूद जलीय जीवो में भी रोमांच भर गया। खासतौर पर बतखों का समूह भी मस्‍ती के अंदाज में आ गया। बतखों की मस्‍ती को देखकर एक बारगी ऐसा लगा कि वे भी आईपीएस अधिकारियों के आनंद में सहभागी हो गई हैं।
वाटर स्‍पोर्ट्स के दौरान आईपीएस एसोसिएशन के अध्‍यक्ष एवं विशेष पुलिस महानिदेशक एसएएफ विजय यादव सहित अन्‍य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *