दाऊद के करीबी का दोस्त है जबलपुर का ईसाई धर्मगुरु, मुंबई में 3 करोड़ में किया जिमखाने का सौदा

जबलपुर. उत्तर भारत के विभिन्न चर्च संगठनों का समूह ‘चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया’ (CNI) एक बार फिर चर्चा में है। देश की सबसे बड़ी ईसाई मिशनरी संस्था CNI में मॉडरेटर बिशप पीसी सिंह पर अब अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के राइट हैंड रियाज भाटी के साथ संबंधों के आरोप लगे हैं। पीसी सिंह पर रायपुर सीनेट के नितिन लॉरेंस ने आरोप लगाया कि पीसी सिंह ने मिशनरी की मुंबई जिमखाना की जमीन का सौदा 3 करोड़ रुपए में रियाज भाटी से कर लिया था। इसका खुलासा तब हुआ था जब पुलिस ने रिजाय भाटी को गिरफ्तार किया था। उसके पास मुंबई जिमखाना जमीन के एग्रीमेंट मिले। एग्रीमेंट सामने आने के बाद खुद को पाक-साफ दिखाने पीसी सिंह ने फादर को हटा दिया। यह दावा पीएमओ, ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) समेत अन्य जांच एजेंसियों से बिशप की शिकायत करने वाले नितिन लॉरेंस ने किया है। नितिन लॉरेंस छत्तीसगढ़ में एक्टिविस्ट हैं।

ये है मामला
जबलपुर में गुरुवार को EOW ने बिशप पीसी सिंह के घर छापा मारा था। ट्रस्ट संस्थाओं की लीज रिन्युअल में धोखाधड़ी, 7 करोड़ से अधिक का टैक्स न चुकाने के मामले सामने आए। पीसी सिंह ने स्कूल से आए बच्चों की फीस के ढाई करोड़ से ज्यादा रुपए धार्मिक संस्था और खुद पर खर्च कर दिए। छापे में 17 संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज, 48 बैंक खाते, 1 करोड़ 65 लाख से अधिक नकद, 18 हजार 352 यूएस डॉलर, 118 पाउंड समेत 8 फोर व्हीलर गाड़ियां बरामद हुई।

लॉरेंस ने दावा किया कि मिशनरी की अचल संपत्ति को खुद के फायदे के लिए बेचने का यह अकेला मामला नहीं है। यूपी, पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में बिशप डॉ. पीसी सिंह और उनके साथियों ने तमाम जमीनें बेच चुके हैं। यह वह जमीनें हैं जो सरकार से लीज पर ली गई हैं। बिशप पीसी सिंह को 35 मामलों में नामजद आरोपी बनाया गया है। बता दें, राज्य आर्थिक अपराध ब्यूरो (EOW) ने गुरुवार को पीसी सिंह के जबलपुर स्थित आवास पर रेड की थी। उसके घर से 9 लग्जरी गाड़ियां, 32 महंगी घड़ियां, बेशकीमती कपड़े और सोने के जेवरात समेत डेढ़ करोड़ से ज्यादा कैश व करीब 14.5 लाख रुपए की विदेशी मुद्रा मिली थी।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *