बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र, ग्वालियर में 2 दिन हो सकती है तेज बारिश
ग्वालियर. कई दिनों से बारिश थमने और तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस फिर परेशान कर रही है। इन दिनों दिन में पारा 37 डिग्री के करीब है, वहीं रात का तापमान भी 25-26 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। इससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून ट्रफ लाइन जैसलमेर, भोपाल, जगदलपुर से बंगाल की खाड़ी जा रही है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, इससे आने वाले दो दिनों में बारिश की संभावना बन रही है। दिन का तापमान कुछ कम होगा, लेकिन रात का तापमान ऐसा ही रहेगा।
दिन में तेज धूप पारा 37 पर
बीते दिन सुबह से ही तेज धूप रही। दोपहर 2.30 बजे के बाद धूप हल्की हो गई और बादल छा गए, फिर भी गर्मी का असर कम नहीं हुआ। अधिकतम तापमान .6 कम हुआ है, जबकि न्यूनतम तापमान .3 डिग्री बढ़ गया है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 37.0 और न्यूनतम 25.5 डिग्री दर्ज किया गया।
रातें होंगी ज्यादा ठंडी
इस बार मानसून की विदाई कुछ जल्दी होगी। इसके चलते सर्दी ज्यादा पढ़ने के आसार है। इस बार इसका असर अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में ही दिखाई देने लगेगा। इस दौरान रातें कुछ ठंडी भी हो जाएंगी। पिछले कई सालों से मानसून की विदाई 30 सितंबर को होती चली आ रही है, लेकिन इस बार दस से पन्द्रह दिन पहले हो सकती है। इससे सर्दी भी इस बार ज्यादा दिनों तक हावी रहेगी। यह बात अलग है कि अक्टूबर में दिन में तापमान कुछ ज्यादा बना रहे, लेकिन राते ठंडी हो जाएंगी। वहीं इन दिनों तापमान तेजी से बढ़ रहा है। इससे गर्मी और उमस एक बार फिर से बढ़ने लगी है।
