एयरबस की सौगात, शुरू हो गई दिल्ली ग्वालियर हवाई सेवा
ग्वालियर. ग्वालियर से नई दिल्ली के बीच पहली एयरबस गुरुवार से शुरू हो गई। पहले दिन नई दिल्ली से 90 यात्री आए और 151 यात्री ग्वालियर से रवाना हुए। शुभारंभ समारोह में प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर उपस्थित थे। उनके साथ कई लोग बिना पास के घुस गए। इसमें अफरातफरी मच गई। राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल पर दोपहर में हुए समारोह के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने 18 लोगों को पास जारी किए थे लेकिन इसमें 40 से ज्यादा लोग घुस गए। प्रभारी मंत्री और ऊर्जा मंत्री गेट पर खड़े हो गए। वे बोले.कार्यकर्ता अंदर नहीं जाएंगे तो हम नहीं जाएंगे। इसलिए एयरपोर्ट अथॉरिटी को बिना पास के लोगों को अंदर जाने की अनुमति देनी पड़ी। बाद में प्रभारी मंत्री सिलावट ने कहा कि हमारी गलती रही।
सात पर्यटक स्थलों और वन्यजीव अभ्यारण्यों को इसी साल हवाई सेवा से जोड़ा जा रहा – इसके साथ ही मध्यप्रदेश के सात पर्यटक स्थलों और वन्यजीव अभ्यारण्यों को इसी साल हवाई सेवा से जोड़ा जा रहा है। इसके लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने उड़ान योजना 5.0 के तहत निविदाएं मांग ली हैं। इनमें कुछ स्थानों पर एयर स्ट्रिप का निर्माण होगा तो कुछ जगहों पर बने हवाई अड्डों का विस्तारीकरण किया जाएगा।
