प्रधानमंत्री ने किया सेंट्रल विस्टा का उद्घाटन, पीएम बोले-गुलामी का प्रतीक राजपथ अब कर्तव्य पथ बना

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरूवार की शाम 8 बजे इंडिया गेट के सामने कर्तव्य पथ का उद्घाटन किया, वह शाम 7 बजे कर्तव्य पथ पहुंचे और सबसे पहले उन्होंने नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा का अनावरण किया। 19 माह तक लगातार चले काम के बाद सेंट्रल विस्टा एवेन्यू बनकर तैयार हुआ है। पीएम मोदी ने कहा है कि आजादी के अमृत महोत्सव में, देश में आज एक नयी प्रेरणा मिली है। नयी उर्जा मिली है। आज हम गुजरे हुए कल को छोड़कर, आने वाले कल की तस्वीर में नये रंग भर रहे हैं। आज जो हर तरफ से यह नयी आभा दिख रही है, वह नये भारत के आत्मविश्वास की आभा है।
उन्होंने कहा है कि गुलामी का प्रतीक किंग्सवे यानी राजपथ, आज से इतिहास की बात हो गया है। हमेशा के लिये मिट गया है। आज कर्तव्य पथ के रूप में नये इतिहास का सृजन हुआ है। मैं सभी देशवासियों को आजादी के इस अमृतकाल में, गुलामी की एक और पहचान से मुक्ति के लिये बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
सड़क के दोनों तरफ शॉप और राज्यों के फूड स्टॉल खुलेंगे
विस्टा यानी दिलकश नजारा, राष्ट्रपति भवन से इंडिया गेट तक राजपथ के ईद-गिर्द का इलाका हरे-भरे पेड़ों, नहरों और पार्को से घिरा है, यह पहले से खूबसूरत था, अब और भी दिलकश हो गया है।
इंडिया गेट के दोनों ओर नयी शॉप बनी है। जिनमें अलग-अलग राज्यों के फूड स्टॉल होंगे। टूरिस्ट पहले की तरह अब लॉन में बैठकर घर से लाया खाना नहीं खा सकेंगे। इसके अलावा वेंडर भी खास जोन में ही स्टॉल लगा सकेंगे। 2 नयी पार्किंग में 1100 से अधिक गाडि़यां पार्क की जा सकेंगी। निगरानी के लिये 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं।

1. हमने नेताजी को भुला दिया: आज इंडिया गेट के समीप हमारे राष्ट्र नायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की विशाल मूर्ति भी स्थापित हुई है। गुलामी के समय यहां ब्रिटिश राजसत्ता के प्रतिनिधि की प्रतिमा लगी हुई थी। आज देश ने उसी स्थान पर नेताजी की मूर्ति की स्थापना करके आधुनिक, सशक्त भारत की प्राण प्रतिष्ठा भी कर दी है।
सुभाष चंद्र बोस ऐसे महा मानव थे, जो पद और संसाधनों की चुनौती से परे थे। उनकी स्वीकार्यता ऐसी थी कि पूरा विश्व उन्हें नेता मानता था। उनमें साहस था, स्वाभिमान था। उनके पास विचार थे, विजन था। उनमें नेतृत्व की क्षमता थी, नीतियां थीं।
अगर आजादी के बाद हमारा भारत सुभाष बाबू की राह पर चला होता तो आज देश कितनी ऊंचाइयों पर होता! लेकिन दुर्भाग्य से, आजादी के बाद हमारे इस महानायक को भुला दिया गया। उनके विचारों को, उनसे जुड़े प्रतीकों तक को नजरअंदाज कर दिया गया।

2. यह बदलाव प्रतीकों तक ही सीमित नहीं: आज भारत के संकल्प और लक्ष्य अपने हैं। हमारे प्रतीक और पथ अपने हैं। आज राजपथ का अस्तित्व खत्म हुआ है तो ये गुलामी की मानसिकता का पहला उदाहरण नहीं है। राजपथ ब्रिटिश राज के लिए था, जिनके लिए भारत के लोग गुलाम थे। राजपथ की भावना भी गुलामी का प्रतीक थी, उसकी संरचना भी गुलामी का प्रतीक थी। आज इसका आर्किटैक्चर भी बदला है, और इसकी आत्मा भी बदली है। यह निरंतर चलने वाली संकल्प यात्रा है। देश के प्रधानमंत्री जहां रहते आए हैं। वह लोक कल्याण मार्ग हो चुका है। परेड में भारतीय संगीत बजता है। नौसेना ने गुलामी के प्रतीक को उतारकर छत्रपति के चिह्न को अपना लिया है। यह बदलाव प्रतीकों तक ही सीमित नहीं है।

3. हमें भारत का निर्माण करना ही होगा: अंग्रेजों के कई कानून आज बदल गए हैं। भारतीय शिक्षा नीति को भाषा की गुलामी से मुक्त किया जा रहा है। महाकवि भरतियार ने भारत की महानता को लेकर तमिल भाषा में कविता लिखी थी, जिसका अर्थ है हमारा देश भारत पूरे विश्व में सबसे महान है। वीरता में करुणा में जीवन के सत्य को खोजने में हमारा देश भारत दुनिया में सबसे महान है। उनकी कविता का एक-एक शब्द गुलामी के दौरान भारत की हुंकार थी। हमें इस कविता में बताए गए भारत का निर्माण करना ही होगा। इसका रास्ता कर्तव्यपथ से होकर जाता है।

राजपथ की ‘आत्मा’ बदली

पीएम मोदी ने कहा कि राजपथ ब्रिटिश राज के लिए था, जिनके लिए भारत के लोग गुलाम थे. राजपथ की भावना भी गुलामी का प्रतीक थी, उसकी संरचना भी गुलामी का प्रतीक थी. आज इसका आर्किटेक्चर भी बदला है, और इसकी आत्मा भी बदली है. राजपथ का नाम अब कर्तव्य पथ कर दिया गया है. इसी के साथ यहां कैनाल का नए सिरे से विकास किया गया है. वही जनसुविधाओं का निर्माण किया गया है. वहीं पूरे रास्ते और फुटपाथ को नया स्वरूप प्रदान किया गया है. कर्तव्यपथ पर नई लाइटिंग और नए हरे-भरे बागों का विकास किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *