17 सितंबर को श्योपुर में पीएम नरेन्द्र मोदी अपने जन्मदिन पर चीता परियोजना का करेंगे शुभारंभ

 

भोपाल. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जन्मदिवस पर 17 सितंबर को श्योपुर में चीता परियोजना का शुभारंभ करेंगे। कैबिनेट बैठक से पहले मंत्रियों से औपचारिक चर्चा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अपने जन्मदिवस पर प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश में रहेंगे और प्रदेश को चीता परियोजना की सौगात देंगे।

गौरतलब है कि कूनो पालपुर पार्क में करीब 20 दिन से चल रही तैयारियों को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा था कि प्रधानमंत्री परियोजना का शुभारंभ कर सकते हैं। मुख्यमंत्री शिवराज ने अब इस पर से पर्दा उठा दिया है। पार्क से 15 किमी दूर कराहल में महिला स्व-सहायता समूह के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, जिसे प्रधानमंत्री मोदी संबोधित करेंगे। उम्मीद की जा रही है कि इसी दिन नामीबिया से आठ चीता श्योपुर पहुंच जाएंगे। जिन्हें प्रधानमंत्री पार्क में स्थित विशेष बाड़े में छोड़ेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन के सिलसिले में पार्क में पांच और कराहल में चार हेलिपैड बनाए जा रहे हैं।

नामीबिया से लाने में कितना समय लगेगा?
सरकार के सूत्रों के मुताबिक, 15 सितंबर को चीतों को नामीबिया से जोहान्सबर्ग हवाई मार्ग से लाने की तैयारी है। इसमें करीब 2 घंटे 10 मिनट का समय लगेगा। नामीबिया से आने के बाद चीतों को 30 दिन क्वारैंटाइन में रखा जाएगा। इसके बाद इन्हें धीरे-धीरे बड़े बाड़ों में शिफ्ट किया जाएगा। बाद में खुले में भी छोड़ा जाएगा। उनकी छह से आठ महीने तक कड़ी निगरानी रखी जाएगी। वन विभाग के सूत्रों के मुताबिक, चीते को फिर से देश में लाने के लिए लंबे समय से प्रोजेक्ट चल रहा है। 2019 में सुप्रीम कोर्ट ने नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी को इसकी मंजूरी दी थी। प्रयोग के लिए अफ्रीकन चीते को भारत के जंगलों में लाया जा रहा है। पिछले कुछ महीनों से प्रोजेक्ट ने फिर रफ्तार पकड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *