तिघरा की जल समस्या होगी खत्म अगर कूनो से पानी आया तो, सीएम जल्द कर सकते है ऐलान
ग्वालियर. शहर हर बार गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से जूझता है जिससे आसपास के किसानों की फसल भी पानी के अभाव में सूख जाती है। इसलिये प्लानिंग जन्म ले रही है। तिघरा डेम को कूनो नदी के पानी से भरने के साथ ही अंचल के शिवपुरी, मुरैना और भिंड जिले की पेयजल व सिंचाई व्यवस्था के लिए तैयार किए गए प्लान को उपचुनाव से पहले मंजूरी मिल जाएगी। इस प्लान की फिजिबिलिटी रिपोर्ट को मंजूरी मिल गई है और अंचल के भाजपा नेता कैबिनेट विस्तार के साथ ही इस प्लान को पास कराने की तैयारी कर रहे है। जून माह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस प्रोजेक्ट की घोषणा कर सकते है।
कूनो नदी, चंबल नदी एक बड़ी ट्रीबूटरी (सहायक नदी) है जिसमें पानी की मात्रा 800 अरब लीटर रहती है। यह नदी गुना, शिवपुरी, बारा और मुरैना जिलों से होकर गुजरती है। यह नदी पोहरी-श्योपुर रोड को क्रॉस करती है। इस रोड के नजदीक ही ग्राम कटेला में कूनो नदी के किनारे 20 मीटर तक ऊंचे है। जलसंसाधन विभाग की प्लानिंग है कि यहां एक बैराज तैयार कराया जाएगा जिसकी क्षमता 300 अरब लीटर की होगी।
पार्वती-आसान तक आएगा पानी
इस बैराज से लिफ्ट कर पानी को पार्वती और आसन नदी तक आसानी से लाया जा सकता है। इस प्रोजेक्ट से ग्वालियर की पानी की समस्या से स्थायी छुटकारा मिल जाएगा। तिघरा में पानी की कमी होने पर पार्वती नदी पर बने अपर ककैटो बांध से पानी छोड़ा जाता है जो ककैटो और पेहसारी बांधी होता हुआ तिघरा तक आता है ऐसे में पार्वती नदी में कूनो से पानी की आपूर्ति होती रहेगी और ग्वालियर में तिघरा तक पानी आता रहेगा।
1700 करोड़ की लागत
ग्वालियर के आसपास के सभी बांधों और स्वर्ण रेखा नदी तक को इस पानी से भरा जा सकता है। इस प्रोजेक्ट के लिए जलसंसाधन विभाग के अफसरों को प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी और अब इस रिपोर्ट को मंजूरी भी मिल गई है। विभाग के अफसरों का अनुमान है कि इस प्रोजेक्ट पर लगभग 1700 करोड़ रु. की लागत आएगी लेकिन इससे ग्वालियर, शिवपुरी, मुरैना और भिंड जिलों तक पेयजल व सिंचाई के लिए पानी की व्यवस्था हो जाएगी।
300 अरब लीटर क्षमता, तिघरा को 2 बार भरा जा सकता है
इस बैराज के बनने से ग्वालियर की पानी की समस्या को पूरी तरह से दूर किया जा सकता है क्योंकि पानी सप्लाई के लिए शहर की आधी आबादी तिघरा पर निर्भर करती है। तिघरा की कुल जल संग्रहण की जा रही है वह 300 अरब लीटर क्षमता का है। ऐसे में इस बैराज के पानी से तिघरा को दो बार भरा जा सकता है।
यह है हमारी योजना
ग्राम कटेला पर 20 मीटर ऊंचा व 300 अरब लीटर की क्षमता का बैराज बनाकर तैयार किया जाएगा।
बैराज का पानी लिफ्ट कर 15 किमी लंबी पाइपलाइन के जरिए पोहरी के ग्राम रछाई तक लाया जाएगा।
रछाई से पच्चीपुरा चेंबर बनेगा।
रछाई से पच्चीपुरा बांध तक 30 किमी लंबी नहर से पानी लाया जाएगा।
पच्चीपुरा बांध से पार्वती नदी के माध्यम से ये पानी अपर ककैटो बांध में पहुंचाया जाएगा।
अपर ककैटो से 15 किमी लंबी चैनल बनाकर आसन नदी में पानी लाकर पगारा बांध, आसन बैराज, कोतवाल बांध और पिलुआ बांध को भरा जा सकता है।
अपर ककैटो से ही ककैटो, पेहसारी, तिघरा, तिघरा नहर, कोतवाल, रायपुर, मामा का बांध, वीरपुर बांध, हनुमान बांध, हिम्मतगढ़ तालाब, स्वर्ण रेखा नदी में भी पानी लाया जा सकता है।
इसके अलावा हरसी, रमौआ, अलापुर, मुरार नदी, जड़ेरूआ और बैसली बांध में पानी लाया जा सकता है।
हम रिपोर्ट तैयार कर भेज रहे
कूनो नदी पर बैराज बनाने का यह प्रोजेक्ट काफी बड़ा है और शासन स्तर से इसकी रिपोर्ट मांगी गई है। विभागीय मंत्री ने भी इस प्रोजेक्ट के लिए जानकारी ली है। हम इसकी एक रिपोर्ट तैयार कर भेज रहे है। जहां तक स्वीकृति की बात है तो इसक निर्णय शासन स्तर से लिया जाएगा।
श्रीकांत दांडेकर, इंजीनियर इन चीफ जलसंसाधन विभाग भोपाल
