MP में जिला सरकार का चुनाव रिजल्ट:भोपाल में ऐन वक्त पर उलटफेर, कांग्रेस नेता की पत्नी BJP से बनीं जिपं अध्यक्ष, भाजपा 34 और कांग्रेस 8
भोपाल. मध्यप्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में अब तक 51 में से 42 जिलों में अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। इनमें से 34 अध्यक्ष भाजपा के और 8 कांग्रेस समर्थित हैं। इंदौर, उज्जैन, शाजापुर, शहडोल, मंदसौर, भिंड, टीकमगढ़, खंडवा, बैतूल, विदिशा, कटनी, सागर, गुना और ग्वालियर समेत अन्य जिलों में भाजपा समर्थक जिला पंचायत अध्यक्ष चुने गए हैं। वहीं सिंगरौली, राजगढ़, दमोह, अनूपपुर, देवास, छिंदवाड़ा, बालाघाट और नर्मदापुरम में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी जीते हैं। सीधी का मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण यहां चुनाव नहीं हुए।
भोपाल में BJP की रामकुंवर गुर्जर बनीं जिला पंचायत अध्यक्ष
भोपाल जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में ऐन वक्त पर बड़ा उलटफेर हो गया। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नौरंग गुर्जर की पत्नी रामकुंवर गुर्जर को जिला पंचायत अध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा ने रामकुंवर गुर्जर को उम्मीदवार बनाया था। इससे पहले कांग्रेस की तरफ से रश्मि अवनीश भार्गव को जिला पंचायत अध्यक्ष का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। भाजपा ने नौरंग गुर्जर को अपने पाले में लेकर उनकी पत्नी को उम्मीदवार घोषित कर दिया।
मंत्रियों और भाजपा नेताओं के रिश्तेदार जीते
कुछ जिलों में भाजपा नेताओं और मंत्रियों के रिश्तेदार अध्यक्ष चुने गए। पूर्व सीएम उमा भारती की बहू उमिता सिंह टीकमगढ़ जिला अध्यक्ष चुनी गईं। सागर में हीरा सिंह राजपूत निर्विरोध अध्यक्ष बने। हीरा सिंह मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के बड़े भाई हैं। जगन्नाथ सिंह रघुवंशी को अशोकनगर निर्विरोध जिपं अध्यक्ष चुना गया। जगन्नाथ पूर्व विधायक हैं। बड़वानी में बलवंत पटेल जिला अध्यक्ष चुने गए। बलवंत मंत्री प्रेम सिंह पटेल के बेटे हैं। भिंड में कामना सुनील सिंह निर्विरोध अध्यक्ष बनीं। कामना बीजेपी नेता केपी सिंह की बहू हैं। कांग्रेस के सम्राट सारस्वत बालाघाट जिला पंचायत अध्यक्ष चुने गए। सम्राट कांग्रेस के पूर्व MLA अशोक सारस्वत के बेटे हैं।
| क्र. | जिला | निर्वाचित | पार्टी | वोट मिले | विजेता कौन है |
| 1 | भिंड | कामना सुनील सिंह | BJP | निर्विरोध | बीजेपी नेता केपी सिंह की बहू है। |
| 2 | रायसेन | जसवंत बबलू मीणा | BJP | निर्विरोध | स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी के करीबी हैं। |
| 3 | गुना | अरविंद धाकड़ | BJP | निर्विरोध | इनके पिता राधेश्याम धाकड़ सीएम के करीबी हैं। |
| 4 | कटनी | सुनीता मेहरा | BJP | निर्विरोध | इससे पहले भी जिपं सदस्य का चुनाव लड़ चुकी हैं, लेकिन तब हार गई थीं। इस बार चुनाव जीतीं और अध्यक्ष बनीं। |
| 5 | निवाड़ी | सरोज राय | BJP | निर्विरोध | जिला पंचायत अध्यक्ष चुनीं गई सरोज राय भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमित राय की मां हैं। |
| 6 | शाजापुर | हेमराज सिसोदिया | BJP | निर्विरोध | |
| 7 | शहडोल | प्रभा मिश्रा | BJP | निर्विरोध | बीजेपी के जाने-माने नेता विमलेश मिश्रा की भाभी हैं। |
| 8 | दतिया | इंदिरा धीरू गांधी | BJP | निर्विरोध | |
| 9 | ग्वालियर | दुर्गेशकुंवर जाटव | BJP | निर्विरोध | इनके पति कुंवर सिंह सरपंच रह चुके हैं। ससुर जनपद सदस्य रह चुके हैं। |
| 10 | सागर | हीरा सिंह राजपूत | BJP | निर्विरोध | मंत्री गोविंदसिंह राजपूत के बड़े भाई हैं। |
| 11 | मंदसौर | दुुर्गा विजय पाटीदार | BJP | निर्विरोध | भाजपा के पूर्व विधायक राधेश्याम पाटीदार की पुत्र वधू हैं। |
| 12 | छिंदवाड़ा | संजय पूनार | कांग्रेस | निर्विरोध | एडवोकेट हैं। पहले संघ से जुड़े थे, दो दिन पहले ही कांग्रेस ज्वॉइन की है। |
| 13 | नर्मदापुरम | राधाबाई पटेल | कांग्रेस | 8/15 | पूर्व जनपद अध्यक्ष हैं। वे 2015 में सिवनी-मालवा अध्यक्ष बनी थीं। उनके पति सुधीर पटेल 3 बार सरपंच, 1 बार जिपं सदस्य रह चुके हैं। |
| 14 | सीहोर | गोपाल इंजीनियर | BJP | 11/17 | आष्टा क्षेत्र के बड़े नेता हैं। कुछ महीने पहले ही भाजपा में आए हैं। |
| 15 | बुरहानपुर | गंगाराम मार्को | BJP | 6/10 | तीन बार सरपंच रह चुके हैं। |
| 16 | टीकमगढ़ | उमिता सिंह | BJP | 9/17 | उमा भारती की बहू व खरगापुर MLA राहुल लोधी की पत्नी। |
| 17 | खंडवा | कंचन तनवे | BJP | 8/16 | वन मंत्री विजय शाह की करीबी हैं। पंधाना जनपद पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं। |
| 18 | देवास | लीला अटारिया | कांग्रेस | 11/18 | इनकी सास रंभा बाई 2005 से 2010 तक सरपंच रहीं। 2010 से 2015 तक लीला खुद गृह ग्राम सलामखेड़ी से सरपंच पद पर रहीं। पति पुलिस विभाग में आगर जिले में पदस्थ है। |
| 19 | बैतूल | राजा पवार | BJP | निर्विरोध | जिपं सदस्य से लेकर अध्यक्ष तक का सफर तय किया। दो बार MLA का चुनाव लड़ चुके हैं। एक बार कांग्रेस से और दूसरी बार भाजपा से, दोनों बार हारे। |
| 20 | शिवपुरी | नेहा यादव | BJP | निर्विरोध | पिता महेंद्र यादव और दादा स्व. रामसिंह यादव कोलारस विधानसभा से MLA रहे हैं। वहीं पति अमित यादव जनपद सदस्य रह चुके हैं। |
| 21 | इंदौर | रीना मालवीय | BJP | 12/17 | 10वीं तक की पढ़ी हैं। सास हुकुमबाई मालवीय जिपं सदस्य रही हैं। ससुर संतोष मालवीय मंडी अध्यक्ष और सरपंच भी रहे हैं। 2007 के विस चुनाव में तुलसी सिलावट के खिलाफ उप चुनाव लड़े थे। पति सतीश मालवीय भी भाजपा से जुड़े हैं। |
| 23 | हरदा | गजेंद्र शाह | BJP | 7/10 | 4 बार जिपं सदस्य रहे हैं। पत्नी टिमरनी विधानसभा से MLA का चुनाव लड़ चुकी हैं। |
| 24 | बड़वानी | बलवंत पटेल | BJP (बागी) | 9/14 | मंत्री प्रेम सिंह पटेल के बेटे हैं। BJP के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ नामांकन भरा था। समर्थन में कांग्रेसियों ने भी वोट दिया। |
| 25 | नीमच | सज्जन सिंह चौहान | BJP | निर्विरोध | पूर्व विधायक स्व. खुमानसिंह शिवाजी के बेटे हैं। |
| 26 | अशोकनगर | जगन्नाथ रघुवंशी | BJP | निर्विरोध | बड़े नेता हैं। पूर्व में अशोकनगर के MLA रह चुके हैं। |
| 27 | उज्जैन | कमला कुंवर | BJP | 14/21 | इनके पति बड़लिया से दो बार सरपंच रहे हैं। दूध व मावे का कारोबार करते हैं। भाजपा से लंबे समय से जुड़े हुए हैं। |
| 28 | बालाघाट | सम्राट सारस्वत | कांग्रेस (बागी) | 11/27 | कांग्रेस के पूर्व MLA अशोक सारस्वत के बेटे हैं। पूर्व विस उपाध्यक्ष और वर्तमान लांजी MLA हीना कांवरे का भी समर्थन मिला। |
| 29 | धार | सरदार सिंह मेड़ा | BJP | गोटी से फैसला | |
| 30 | खरगोन | अनु बाई तंवर | BJP | 14 | |
| 31 | पन्ना | मीणा सिंह राजे | BJP | निर्विरोध | इनके पति पुष्पराज सिंह 10 साल से भाजपा सदस्य और वार्ड 23 के बूथ अध्यक्ष हैं। टिमरिया सरपंच भी रहे। मीणा भी 10 साल से सक्रिय सदस्या हैं और बूथ विस्तार योजना की भी सदस्य हैं। |
| 32 | राजगढ़ | चन्दर सिंह सौंधिया | कांग्रेस | 11/18 | दिग्विजय सिंह के करीबी हैं। तीसरी बार जिला पंचायत सदस्य चुने गए हैं। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। |
| 33 | दमोह | रंजीता पटेल | कांग्रेस | 10/15 | इनके पति गौरव पटेल 2018 में कांग्रेस से पथरिया विस से कांग्रेस प्रत्याशी थे। रंजीता पथरिया जनपद अध्यक्ष रह चुकी हैं। |
| 34 | अनूपपुर | प्रीति सिंह | कांग्रेस | 6 | रमेश सिंह की पत्नी हैं प्रीति। रमेश सिंह ने 2018 में SDM पद से इस्तीफा देकर कांग्रेस जॉइन की थी। |
| 35 | नरसिंहपुर | ज्योति काकोड़िया | BJP | निर्विरोध | भाजपा मंडल अध्यक्ष नीलेश काकोड़िया की पत्नी हैं। |
| 36 | सतना | रामखेलावन | BJP | 17 | रिटायर शिक्षक हैं। पंचायत राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल के करीबी हैं। |
| 37 | जबलपुर | संतोष वरकड़े | BJP | 8 | भाजयुमो में ग्रामीण मंत्री थे और सिहोरा विधायक नंदनी मरावी के करीबी हैं। |
| 38 | रतलाम | लालाबाई | BJP | 7/16 | |
| 39 | रीवा | नीता कोल | BJP | 23/32 | स्नातक तक की पढ़ाई की है, गृहिणी हैं। कोई राजनीतिक बैंकग्राउड नहीं है। |
| 40 | भोपाल | रामकुंवर गुर्जर | BJP | 6/10 | |
| 41 | मुरैना | आरती गुर्जर | BJP | निर्विरोध | 23 साल की आरती गुर्जर मुरैना के वार्ड 15 से जिपं सदस्य हैं। बीकॉम. कर चुकी हैं, अब भी छात्रा हैं। |
| 42 | सिंगरौली | सोनम सिंह | कांग्रेस | 10/14 | पूर्व सांसद और पूर्व जिलाध्यक्ष स्व. तिलकराज सिंह की पुत्री हैं, और निर्विरोध जिपं सदस्य बनी थीं। |
