मुरैना में जिला पंचायत सदस्यों का अपहरण, कांग्रेस का आरोप- पुलिस उठाकर ले गई
मुरैना. मध्यप्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव से पहले गहमागहमी देखने को मिली। मुरैना में कांग्रेस ने पुलिस पर कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्यों को उठाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। कांग्रेसियों ने एसपी ऑफिस का घेराव करते हुए नारेबाजी की। इसी तरह, जबलपुर और सीहोर में भी हंगामा हुआ।
मुरैना में विधायकों ने घेरा एसपी ऑफिस
गुरुवार रात कांग्रेस के पूर्व मंत्री रामनिवास रावत, विधायक राकेश मावई, अजब सिंह कुशवाह, रविन्द्र सिंह तोमर, सतीश सिकरवार, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक सिंह समेत करीब 100 कांग्रेसी एसपी ऑफिस पहुंच गए। वे यहां धरने पर बैठ गए। आरोप है कि जौरा, बागचीनी व कैलारस पुलिस ने उनके दो जिला पंचायत सदस्यों को किडनैप कर लिया है। यह काम केन्द्रीय मंत्री के इशारे पर किया गया है, जिससे वे जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में मतदान न कर सकें। इसके बाद सभी नेताओं को गिरफ्तार कर पुलिस वैन से सिविल लाइन लाकर नजरबंद किया गया। इस दौरान कांग्रेसियों ने नारेबाजी भी की।
