30 जून तक नहीं चलेंगी रेग्युलर ट्रेनें, सभी टिकट रद्द किए, स्पेशल ट्रेनें चलती रहेंगी
नई दिल्ली. कोरोना वायरस और लॉकडाउन के मुश्किल हालात में रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे ने 30 जून तक बुक किए गए सभी टिकट कैंसिल कर दिए है। यानी 30 जून तक नियमित ट्रेनें नहीं चलेंगी और सभी यात्रियों को रिफंड दे दिया जाएगा। रेलवे ने साफ किया है कि इस दौरान श्रमिक ट्रेनें और स्पेशन ट्रेनें चलती रहेंगी। इससे पहले यात्रियों को राहत देते हुए रेलवे ने अब 6 माह तक ट्रेन का टिकट रद्द कराना होता था।
लॉकडाउन से पहले टिकट बुक करवाने वालों को नई सुविधा मिलेगी
नई सुविधा उन यात्रियों को भी मिलेगी जिन्होंने लॉकडाउन से पहले टिकट बुक करवाया था और ट्रेन रद्द हो गई या फिर वे किसी कारण से यात्रा नहीं कर सके। सबसे अच्छी बात यह है कि काउंटर से लिया गया टिकट भी ऑनलाइन रद्द करवाया जा सकेगा लेकिन रिफंड काउंटर से ही मिलेगा। एक अन्य अहम आदेश में रेलवे ने कहा है कि जिन लोगों को कोरोना वायरस के लक्षण के कारण यात्रा की अनुमति नहीं मिली है उन्हें टिकट का पूरा रिफंड दिया जाएगा।
22 मार्च से देशभर में ट्रेनें बंद
लॉकडाउन के कारण 22 मार्च से देशभर में ट्रेनें बंद है जबकि रेलवे आरक्षण 14 अप्रैल तक जारी रहा था। 22 मार्च से पहले भी लाखों लोगों ने ऑनलाइन और काउंटर के जरिए टिकट खरीदे थे इसके बाद ट्रेनें बंद होने से यात्रियों का पैसा अटक गया लेकिन अब यह राशि वापस ली जा सकेगी।
चीफ क्लेम ऑफिसर के कार्यालय में जाकर रिफंड ले सकते है
6 माह के अंदर काउंटर पर जाकर टीडीआर (टिकट डिपॉजिट रिसिप्ट) फॉर्म भरना होगा। चीफ क्लेम ऑफिसर या चीफ कामर्शियल मैनेजर के कार्यालय में जाकर रिफंड ले सकते है। यदि ट्रेन रद्द नहीं हुई है और यात्रा नहीं की है तो काउंटर से टिकट लेने वालों को 6 माह के अंदर टीडीआर भरना होगा।
