सिटीसेंटर कैलाश विहार में एमडी संस पर लॉकडाउन उल्लंघन का मामला दर्ज, 2 एफआईआर हुई
ग्वालियर. एमडी संस मिनी मॉल मंगलवार दोपहर खुला था। मिली मॉल में ग्राहकों की भीड़ लगी थी और सुरक्षित शारीरिक दूरी का पालन व मास्क भी दिखाई नहीं दे रहे थे। यह सूचना इंसीडेंट कमांडर को मिली। वे मौके पर पहुंचे और तत्काल एमडी संस बंद कराया और संचालक सहित दो पर लॉकडाउन उल्लंघन का मामला दर्ज किया।
इंसीडेंट कमांडर टीम के साथ मौके पर पहुंचे
विश्वविद्यालय थानाक्षेत्र स्थित सिटी सेंटर कैलाश विहार में एमडी संस मिनी मॉल मेगा मार्ट है। यह पुलिस व प्रशासन की होम डिलीवरी की सूची में शामिल है लेकिन मंगलवार दोपहर एमडी संस पर ग्राहकों की भीडी लगे होने की सूचना मिली थी जिस पर इंसीडेंट कमांडर रविनंदन तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जैसी सूचनी मिली थी वैसा ही नजारा था। ग्राहक अंदर खरीदारी कर रहे थे और करीब 10 से 12 लोग अंदर थे। स्टोर का स्टाफ अलग से था कोई सुरक्षित शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर रहा था जिस पर इंसीडेंट कमांडर ने तत्काल पुलिस बुलाई इसके बाद नगर निगम कर्मचारी नीरज पुत्र रामस्वरूप कुशवाह की शिकायत पर पुलिस ने एमडी संस के संचालक व मैनेजर उजाला गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मोबाइल पर दिखाई एफआईआर
कार्रवाई के दौरान एमडी संस का संचालक बार-बार गलती होने की बात भी कहते रहे लेकिन जब तक वह बहस करते रहे विश्वविद्यालय थाना में मामला भी दर्ज हो गया। आखिर में इंसीडेंट कमांडर ने अपने मोबाइल में उनको एफआईआर की कॉपी दिखाई और स्टोर बंद कराकर निकल गए।
