दिग्विजय ने ग्वालियर तो सिंधिया ने भोपाल को बनाया पावर सेंटर

भोपाल. भोपाल में पड़ोसी बनने के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की दोस्ती-राजनीतिक दुश्मनी की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन इसके ठीक पहले ग्वालियर में कांग्रेस की बड़ी मीटिंग हुई। इसमें सिंधिया के गढ़ में कांग्रेस की कमान दिग्विजय सिंह को दी गई। यानी आने वाले चुनावों में सिंधिया से मुकाबले के लिए दिग्गी ही सबसे बड़ा चेहरा होंगे, जबकि कांग्रेस को चुनौती देने के लिए सिंधिया ने भोपाल को पावर सेंटर बना लिया है।

सिंधिया भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित सरकारी बंगले में सपरिवार गृह प्रवेश भी कर चुके हैं। सिंधिया ने संकेत दे दिए हैं कि अब उनकी सियासत ग्वालियर से नहीं, बल्कि भोपाल से चलेगी। राजनीति के जानकारों का मानना है कि सिंधिया राजघराने का प्रभाव राज्य के कई इलाकों में है। इसके चलते सिंधिया भोपाल से उन इलाकों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराना आसान मानते हैं।

दतिया में बड़े आंदोलन की तैयारी
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ग्वालियर-चंबल इलाके में कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ बैठक की। आगामी रणनीति पर चर्चा भी की। इसमें संकेत दिए हैं कि सिंधिया को घेरने में पार्टी कसर नहीं छोड़ेगी। इसी क्रम में कांग्रेस आंदोलन की शुरुआत भी दतिया से करने जा रही है। इसमें ग्वालियर, चंबल के अलावा सागर संभाग के कार्यकर्ता भी जुटने वाले हैं। कांग्रेस जहां सिंधिया को घेरने के लिए रणनीति बनाने में व्यस्त है, तो सिंधिया भी अब प्रदेश में अपनी सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में जुटे हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *