बोलेरो और जीप के बीच हुई टक्कर में आधा दर्जन से अधिक घायल, बोलेरो का ड्रायवर मौके से फरार
ग्वालियर. चीनोर मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर चौराहे पर बोलेरो और जीप में टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप में सवार एक यात्री की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। बोलेरो में और जीप में सवार आधा दर्जन से अधिक लोगों को गंभीर चोटें आयी है। जिन्हें पुलिस ने इलाज के लिये ग्वालियर ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करा दिया है।
क्या है पूरा मामला
आगरा मुंबई रोड स्थित घाटीगांव निवासी गोपाल राठौर अपने परिवार के साथ बेहट से घाटीगांव जा रहे थे। शीतला माता घाटी को पार करते ही चीनोर की तरफ बने प्रवेश द्वार के सामने ग्वालियर की ओर आ रही तेज गति की बोलेरो गाड़ी सामने से आ रही गाड़ी से जा भिड़ी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख.पुकार मच गई। इसी का फायदा उठाकर बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। जीप में बैठे गोपाल राठौर के चाचा अरविंद राठौर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पत्नी पूनम राठौर और आरती राठौर सहित परिजनों को गंभीर चोटें आई हैं। लोगों ने आतरी थाने को सूचित किया पुलिस मौके पर पहुंची शव को पोस्टमार्टम व घायलों को ग्वालियर भर्ती कराया।
आतंरी थाना प्रभारी रमाकांत उपाध्याय ने बताया है कि आज शाम 4 बजे के लगभग शीतला माता चौराहे पर जीप और बोलेरो में टक्कर हो गयी थी। जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल होगये। वहीं एक व्यक्ति की मौत हो गयी। बोलेरो को मालिक गाड़ी और घायल परिजनों को लेकर घटनास्थल से फरार हो गया है। बोलेरो मालिक का नाम वीरेन्द्र नामदेव है। वहीं गाड़ी में उनके परिवार के परमाल नामदेव, रेखा नामदेव थे। यह थाना कोलारस के सेमई के रहने वाले हैं। गोपाल राठौर के आवेदन पर वीरेन्द्र नामदेव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
