MP से राजस्थान तक 70 से अधिक रेलवे स्टेशन CCTV निगरानी से जुड़े, मुख्यालय से 24 घंटे होगी मॉनिटरिंग

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल के मुख्यालय से अब मध्यप्रदेश से लेकर राजस्थान तक फैले रेल जोन के स्टेशनों की गतिविधियों पर सीधी नजर रखी जा सकेगी। इसके लिए मुख्यालय स्थित वार रूम को आधुनिक तकनीक और बेहतर वीडियो सर्विलांस नेटवर्क के साथ अपग्रेड किया गया है। इसके माध्यम से जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडल के व्यस्त एवं प्रमुख रेलवे स्टेशन सीधे मुख्यालय की निगरानी में रहेंगे। स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही, भीड़ की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा सकेगी। खास बात यह है कि किसी स्टेशन पर अव्यवस्था या व्यवस्था में कमी सामने आने पर मुख्यालय से तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर सुधारात्मक कार्रवाई कराई जा सकेगी।
स्टेशनों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सकेगा
पश्चिम मध्य रेल का क्षेत्राधिकार मध्यप्रदेश के बड़े हिस्से के साथ राजस्थान के कुछ क्षेत्रों तक विस्तृत है। ऐसे में प्रत्येक स्टेशन की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अधिकारियों को मौके पर पहुंचने की आवश्यकता नहीं होगी। अपग्रेडेड वॉर रूम के जरिए मुख्यालय में बैठकर ही स्टेशनों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सकेगा। इसके लिए तीनों मंडलों के कंट्रोल रूम को मुख्यालय के वार रूम से सीधे जोड़ा गया है। वहीं, रेल सुरक्षा बल की ओर से स्थापित सीसीटीवी कैमरों की एक्सेस भी वार रूम को उपलब्ध कराई गई है। इससे स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और आउटर क्षेत्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। फिलहाल 70 से अधिक स्टेशन इस नेटवर्क से जुड़ चुके हैं। आने वाले समय में इसका विस्तार कर अन्य स्टेशनों को भी शामिल करने की योजना है।
वीडियो वाल पर दिखेगी स्टेशन की हर गतिविधि
वार रूम में आधुनिक वीडियो वाल तैयार की गई है, जिसमें उच्च गुणवत्ता वाली स्क्रीन लगाई गई हैं। इन पर विभिन्न स्टेशनों से प्राप्त लाइव फुटेज को स्पष्ट रूप से देखा जा सकेगा। जरूरत पड़ने पर संबंधित स्टेशन के अधिकारियों से वीडियो काल के माध्यम से सीधे बातचीत कर स्थिति की जानकारी भी ली जा सकेगी। वार रूम का संचालन चौबीस घंटे किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक शिफ्ट में चार कर्मचारियों की तैनाती रहेगी।
भीड़ बढ़ते ही तत्काल होंगे जरूरी इंतजाम
मैहर मेला, त्योहारों, विशेष आयोजनों और अन्य अवसरों पर स्टेशनों में अचानक बढ़ने वाली भीड़ की निगरानी में भी वार रूम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यात्रियों की संख्या के अनुरूप प्लेटफार्म, प्रवेश-निकास और अन्य व्यवस्थाओं का आकलन कर तत्काल जरूरी कदम उठाए जा सकेंगे। इसके अलावा इंटरनेट मीडिया पर सामने आने वाली शिकायतों और यात्रियों की ओर से दर्ज कराई गई समस्याओं की भी वीडियो फुटेज के जरिए समीक्षा की जा सकेगी। इससे शिकायतों की वास्तविक स्थिति समझने और उनके निराकरण में मदद मिलेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *