गुना काला हिरण केस में चौथे आरोपी का भी एनकाउंटर

गुना. गुना में शुक्रवार तड़के 5 से ज्यादा शिकारियों ने 3 पुलिसकर्मियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मुठभेड़ में एक शिकारी नौशाद खान भी मारा गया था। पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद पुलिस एक्शन में आई और शनिवार देर रात तक जवाबी कार्रवाई में 3 और आरोपियों को एनकाउंटर में मार गिराया। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि अभी सिर्फ नौशाद के भाई शहजाद की ही हुई है। शनिवार देर शाम हुए शहजाद के एनकाउंटर में वीरेंद्र गुर्जर नाम का पुलिसकर्मी घायल हो गया। मध्यप्रदेश बीजेपी के संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने एक ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने लिखा- हिसाब बराबर। इसके बाद भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने भी ट्वीट किया कि चौथा भी गया। जवाबी एक्शन के लिए पुलिस को फ्री हैंड दिया गया है। प्रशासन ने 5 आरोपियों के घर को बुलडोजर से ढहा दिया।

शिकार पर जाने को लेकर पिता से हुई थी आरोपियों की बहस
नौशाद की भतीजी की शनिवार को शादी थी और बारातियों को काले हिरण का मांस परोसा जाना था। उन्होंने 4 काले हिरण, 1 मादा हिरण और 1 मोर का शिकार किया था। पिता ने आरोपी बेटों नौशाद और शहजाद से कहा था-निकाह में मैं मुर्गे की दावत दे दूंगा, हिरण मत मारना। बेटे नहीं माने और शिकार के लिए जंगल चले गए। इस बात को लेकर पिता और आरोपी बेटों में बहस भी हुई थी।

दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने दो अन्य हमलावरों जिया खान और सोनू को गिरफ्तार किया है। दोनों शहजाद और नौशाद के साथ शिकार पर गए थे। आरोपियों ने पुलिस को एक कुएं में लूटी गई राइफल फेंके जाने की जानकारी दी है। गुना एसपी राजीव मिश्रा के मुताबिक हमले में उपयोग की गई शहजाद की लाइसेंसी राइफल बरामद कर ली गई है। इसका लाइसेंस मामले के मुख्य आरोपी शहजाद के नाम से है।

400 से ज्यादा मेहमानों की होनी थी दावत
बताया जाता है कि मुठभेड़ में मारा गया नौशाद बददिमाग था। वो शनिवार को विदौरिया गांव में भतीजी की शादी में आने वाले बारातियों का स्वागत काले हिरण के गोश्त की दावत से करना चाहता था। इसमें निशानेबाज भाई शहजाद व मांस कटिंग में माहिर बबलू समेत गुल्ला-विक्की भी उसका साथ दे रहे थे। हालांकि नौशाद के पिता निसार को जब पता चला, तो उन्होंने विरोध भी किया। निसार ने कहा- पोती की शादी में हिरण की दावत नहीं होगी, लेकिन दोनों नहीं माने। उन्होंने तय कर लिया था कि 400 से ज्यादा मेहमानों की दावत के लिए पांच काले हिरण व एक मोर काफी होगा। एक काले हिरण का वजन 25 से 35 किलो तक होता है। एक काले हिरण का मुंह, सींग और खाल निकालने के बाद उसमें से 20 किलो मांस निकलता है। एक व्यक्ति 250 ग्राम मांस खाता है। इस हिसाब से 400 मेहमानों के लिए पांच काले हिरण मारे थे।

गांव में एक बारात आना थी, दूसरी जाना थी
राघौगढ़ के विदौरिया गांव में 30 परिवार रहते हैं। इनमें से दो परिवारों में दो शादियां थीं। एक शिकारी नौशाद की भतीजी की बारात बलोनिया के पास से आनी थी। दूसरी मजीद खान के बेटे की बारात मूढरा गांव जानी थी, लेकिन वारदात के बाद शनिवार सुबह से ही गांव में सन्नाटा है। कई लोगों के घरों में ताले लगे हैं। आरोपी और परिवार के सदस्य फरार हैं। गांव में पुलिस तैनात है। दोनों शादियों में पहले से जो मेहमान आए थे, उनमें से कई को पुलिस ने पूछताछ के लिए उठा लिया। शनिवार को भी जो मेहमान दूर-दराज से पहुंचे, उन्हें पुलिस ले गई। दोनों ही शादियां नहीं हो पाईं। पुलिस ने आठ बाइक भी जब्त की हैं।

नौशाद खान: पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। अच्छा निशानेबाज था।
शाहजाद खान: भतीजी की शादी में हिरण का मांस परोसने का प्लान किया था।
गुल्ला खान: गुंडई प्रवृत्ति का है। नौशाद के साथ अकसर शिकार पर जाता था।
विक्की उर्फ दिलशाद: जिलाबदर रह चुका, शिकार के मामले में जमानत पर।
बबलू खान: शिकार किए जानवरों के मांस की कटिंग करने में माहिर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *