दाल बाजार में नहीं हो रहा लॉकडाउन पालन, पुलिस की गाड़ी निकलते ही दुकानों के शटर उठा लेते है

ग्वालियर. लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों से पुलिस रोजाना सख्ती से निपट रही है फिर भी लोग नहीं मान रहे है। चौराहे पर मौजूद जवान तपती दोपहरी में उठक-बैठक लगवा रहे है। सुबह से शाम तक करीब आधा सैकड़ा से ज्यादा को इसी तरह सबक सिखाया जा रहा है लेकिन इसके बाद भी लोग लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए अपने साथ दूसरों की जान को खतरे में डालने से बाज नहीं आ रहे है। पुलिस अफसर सुबह से रात तक लोगों से अपील कर रहे है कि घर पर ही रहें और सुरक्षित रहें और जरूरत का सामान खरीदें साथ ही मास्क लगाए और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें लेकिन लोगों पर इसका असर कितना पड़ रहा है यह बाजारों में लग रही भीडभाड़ को देखकर लगाया जा सकता है।
दुकानों पर राशन खरीदने के लिए भीड लग रही
कोरोना मरीजों की संख्या बढने के बाद शहर में खुलने वाली खेरिज किराने की दुकानों के शटर प्रशासन ने डाउन करवा दिए है और थोक कारोबारियों को ही अनुमति दी गई है लेकिन शहर में अधिकांश दुकानें खुली है और कारोबारी न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे है और न ही ग्राहकों से दूरी बनाए रखने की कह रहे है। इन दुकानों पर राशन खरीदने के लिए अच्छी खासी भीड़ नजर आ रही है। दुकानदार पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनकर शटर डाउन कर देते है और गाड़ी निकलते ही उठा रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *