MP विधानसभा चुनाव में वक्त, अफसरों के हाव-भाव अभी से बदले, बदलाव की आंधी आएगी
भोपाल. विधानसभा चुनाव में अभी डेढ़ साल का वक्त है, लेकिन सरकार चलाने वाले अफसरों के हाव-भाव अभी से बदले हुए दिख रहे हैं। ‘सरकार’ के कोर ग्रुप में शामिल इन अफसरों की कार्य प्रणाली बदली-बदली देखकर कई तरह के कयास लगाए जाने लगे हैं। संगठन में हुए एक बड़े बदलाव के बाद से ऐसा हुआ है। इसका असर यह हुआ कि मंत्रालय की चौथी मंजिल से मंत्रियों के पास फोन जाने लगे हैं, जबकि पहले ऐसा नहीं होता था। दो मंत्रियों के पास कॉल पहुंचा कि आपकी अनुशंसा पर काम हो गया है। यही नहीं, अफसर ने मंत्रीजी से हालचाल भी पूछा। इससे मंत्रीजी भी आश्चर्यचकित रह गए, क्योंकि इससे पहले कभी कॉल नहीं आया।
बता दें कि दोनों मंत्री केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी हैं। ब्यूरोक्रेट्स के बीच इसे लेकर भी बेचैनी देखी जा रही है कि आखिर होने क्या वाला है? कुछ न कुछ होगा तो जरूर, लेकिन होगा कब? उसका स्वरूप और दायरा कैसा होगा। दरअसल, बीजेपी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत की संघ में वापसी के बाद ये सवाल पूछे जाने लगे हैं कि बदलाव की आंधी तो नहीं आएगी। यदि आ गई, तो इसमें किस-किस की कुर्सी छिनेगी या बदल जाएगी? सवाल के जवाब अभी आने बाकी हैं।
