रीवा में ‘रेपिस्ट’ महंत को CM शिवराज के मंत्री ने दिलाया था कमरा, मंत्री का नाम आते ही ठहरी जांच

रीवा. नाबालिग से रेप के आरोपी महंत के खिलाफ जांच सर्किट हाउस के कमरा नंबर 4 पर आकर ठहर गई। यह कमरा आरोपी सीताराम दास को एक मंत्री के कहने पर दिया गया था। जांच के दौरान मंत्री की भूमिका पता चली तो अफसरों के हाथ-पांव फूल गए। उन्होंने जांच बीच में रोक दी। अब ये अफसर मंत्री को बचाने में जुट गए हैं। जबकि, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुले मंच से कह चुके हैं कि कमरा दिलवाने वाले को भी नहीं छोड़ेंगे। हालांकि, तब तक यह पता नहीं चला था कि कमरा किसने बुक कराया था। अब भोपाल से ही इस पर फैसला होगा कि क्या करना है।

कमरा अलॉट करने वाले SDM का कहना है कि हिस्ट्रीशीटर विनोद पाण्डेय और उसके गुर्गों ने सर्किट हाउस पर कब्जा कर रखा था। जबकि सर्किट हाउस के एंट्री रजिस्टर का वह सबूत है, जिसमें लिखा है कि 4 नंबर कमरा SDM अनुराग तिवारी ने विनोद पाण्डेय को अलॉट किया है। यानी साफ है कि अफसर अब इस मामले को दबाने में जुट गए हैं। सर्किट हाउस बुक कराने में जिस मंत्री का नाम आ रहा है, वह दो साल पहले ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।

रेप के आरोपी महंत से सरकार के मंत्री लेने आते थे आशीर्वाद
28 मार्च को रीवा के सर्किट हाउस (राजनिवास) के कमरा नंबर 4 में सतना की नाबालिग के साथ महंत सीताराम दास उर्फ समर्थ त्रिपाठी ने दुष्कर्म किया था। पहले किशोरी को जबरन शराब पिलाई, फिर उसके साथ हैवानियत की। किशोरी को हिस्ट्रीशीटर विनोद पाण्डेय ने सर्किट हाउस में बुलवाया था। महंत से सरकार के कई मंत्री आशीर्वाद लेने आते थे जिसके सबूत फोटो के तौर पर यहां दिए जा रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *