कांग्रेस शासनकाल के कामकाज की जांच करा सकती है शिवराज सरकार- गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा
भोपाल. शिवराज सरकार, कमलनाथ के 15 महीने के मुख्यमंत्रित्व काल में हुए कामकाज की जांच कराने के मूड में है खासतौर पर सरकार के आखिरी 6 महीने के फैसलों की जांच कराई जा सकती है। मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इसके संकेत दिए है और कहा कि कांग्रेस शासनकाल में वल्लभ भवन भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया था।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आगे कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में हुए भ्रष्टाचारों की जांच होगी इसके लिए मैंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से ग्रुप ऑफ मिनिस्टर की समिति बनाने की मांग की और कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में मध्य प्रदेश में तबादला उद्योग पनपा था इसमें बड़े स्तर पर लेनदेन किया गया था इसके अलावा आखिरी समय में लिए गए फैसलों में भी भ्रष्टाचार होने की संकेत मिले है। ऐसे में अब शिवराज सरकार चाहती है कि पूरे मामले की जांच कर तथ्यों का पता लगाया जाए।
शिवराज मंत्रिमंडल की शुक्रवार को हुई अनौपचारिक बैठक में इस मुद्दे को लेकर चर्चा भी की गई। मंत्रियों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से इस मुद्दे पर चर्चा की और इस बैठक में ही सुझाव आया कि ग्रुप ऑफ मिनिस्टर की एक कमिटी बनाकर कांग्रेस सरकार के 15 महीनों के कामकाज की पड़ताल की जाए।
