जूनियर डॉ. की वजह से पूरा जेएएच अस्पताल संकट में, पॉजिटिव मरीजों को सुपर स्पेशियलिटी में शिफ्ट किया
ग्वालियर. जीआर मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर के संक्रमित पाये जाने के मामले में जेएएच प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। इससे पूरे जेएएच अस्पताल संकट में पड़ गया है। कोरोना पॉजिटिव पाया गया जूनियर डॉक्टर 6 मई को सैंपल देने के बाद भी जेएएच के मेडिसिन आईसीयू में ड्यूटी करता रहा।
हॉस्टल को सील कर दिया गया
जानकारी के अनुसार आईसीयू बंद हो सकता है क्योंकि यहां पर 40 गंभीर रोगियों के साथ ही तमाम सीनियर डॉक्टर भी ड्यूटी पर तैनात रहते है वहीं जूनियर डॉक्टर और सीनियर ब्वॉयज हॉस्टल में पिछले एक माह से रह रहा था और उसने शुक्रवार को डॉक्टरों के साथ नाश्ता भी किया था इसलिए इस हॉस्टल को भी सील कर दिया गया है।
डॉक्टरों की सैंपलिंग शुरू
खास बात यह है कि जूनियर डॉक्टर के पॉजिटिव आने के बाद डॉक्टरों की सैंपलिंग शुरू हो चुकी है जबकि मरीजों की सैंपलिंग को लेकर अभी विचार ही किया जा रहा है। वहीं सभी कोरोना पॉजिटिव मरीजों को जेएएच के सुपर स्पेशियलिटी में शिफ्ट कर दिया गया है और एक साथ 5 लोगों के पॉजिटिव मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप की स्थिति है।
