MP में कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस लड़ेगी अगला चुनाव

भोपाल. मध्य प्रदेश में कांग्रेस 2023 का विधानसभा चुनाव कमलनाथ के नेतृत्व में ही लड़ेगी। कमलनाथ के आवास पर हुई बैठक में ये अहम फैसला लिया गया, जिस पर कांग्रेस के सभी दिग्गज नेताओं ने अपनी सहमति जताई है। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने बताया कि इसी तरह की बैठक महीने में दो बार यानी हर 15 दिन के अंतराल से होगी। उन्होंने बताया कि महंगाई और बेरोजगारी जैसे बड़े मुद्दो के साथ जमीनी स्तर पर शिवराज सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी, इसके लिए बड़े स्तर पर आंदोलन किए जाएंगे।

पीसीसी चीफ कमलनाथ के बंगले पर हुई बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी, अरुण यादव, अजय सिंह, कांतिलाल भूरिया और दिग्विजय सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा पूर्व मंत्री तरुण भनोत, प्रियव्रत सिंह, कमलेश्वर पटेल, विजयलक्ष्मी साधौ, लाखन सिंह, जीतू पटवारी, सज्जन सिंह वर्मा, एनपी प्रजापति और हिना कावरे समेत कई नेता भी बैठक में शामिल हुए। बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, महिला अपराध, किसान और बिजली के बिल समेत कई मुद्दों पर सरकार के खिलाफ आंदोलन की रणनीति पर चर्चा हुई।

पूर्व मंत्री तरुण भनोत ने कहा कि मध्यप्रदेश की आर्थिक स्थिति बहुत खराब हो गई है। प्रदेश पर 4 लाख करोड़ का कर्ज हो गया है। ऐसे हालात में प्रदेश की जनता पर डीजल, पेट्रोल, गैस, बिजली और हर किस्म की महंगाई लादी जा रही है। शिवराज सरकार का चेहरा पूरी तरह जनविरोधी हो गया है। उन्होंने कहा कि बैठक में फैसला किया गया है कि कांग्रेस पार्टी महंगाई, किसान और बेरोजगारी के मुद्दे पर बड़े पैमाने पर जनता को जागरूक करेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *