ग्वालियर में सराफा कारोबारी ने ठगे 1.76 करोड़ रुपए

ग्वालियर. एक सराफा कारोबारी ने सोना-चांदी के व्यवसाय में साझेदारी कर हर महीने लाखों रुपए कमाने का लालच देकर शहर के अन्य आधा दर्जन से अधिक लोगों व व्यवसायियों से करीब 1.76 करोड़ रुपए ठगे हैं। झांसे मंे आकर पैसा गंवाने वालों को जब कारोबारी ने पैसा नहीं लौटाया उल्टा धमकाने लगा तो वह थाटीपुर थाने पहुंचे और शिकायत की है। घटना थाटीपुर सुंदरम ज्वेलर्स की है। पुलिस ने आरोपी कारोबारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

क्या है पूरा मामला
थाटीपुर स्थित मधुवन कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश अग्रवाल ने कुछ वर्ष पूर्व शिवपुरी भौंती में पत्नी के नाम दर्ज 18 बीघा जमीन को 70 लाख में बेचा था। उस रकम से 9 साल पहले सुंदरम ज्वेलर्स के संचालक लक्ष्मीनारायण स्वर्णकार से 60 लाख में 2 किलो सोना खरीदा था। सौदे के कुछ दिन बाद लक्ष्मीरायण उनके घर आया कारोबार को बढ़ाने और कारोबार में उनको साझेदार बनाने के साथ साथ मुनाफे में आधा हिस्सा देने की बोला। पुरानी जान पहचान होने के कारण उसकी बात पर भरोसा कर 1 किलो सोना दे दिया। 2 साल तक लक्ष्मीनारायण ने मुनाफे में से उनके हिस्से का पैसा भी दिया। फिर दो साल बाद आकर 10 लाख रुपए ले गया। उसके बाद 1 किलो सोना और मांगा वादा किया जब जरूरत होगी तब सोना लौटाएगा। इसलिए उसे बचा हुआ सोना भी दे दिया। जब व्यवसायी ओमप्रकाश अग्रवाल ने अपना सोना और रकम वापस मांगी तो लक्ष्मीनारायण ने पहले नोटबंदी से धंधा मंदा होने का हवाला दिया। फिर कोरोना और लॉकडाउन को वजह बताकर टकराया। अब रकम लौटाने से उसने साफ मना कर दिया है। बाद में ओम प्रकाश अग्रवाल को पता चला कि इसी तरह सराफा कारोबारी ने एसआर अग्रवाल निवासी नेहरू कॉलोनी से 10 लाख, ओपीएस चौहान मधुवन कॉलोनी से 7 लाख, एसएस सेंगर गोविंदपुरी से 6 लाख, आरके गुप्ता भिंड से 10 किलो चांदी, आरवी गुप्ता मधुवन कॉलोनी 11 किलो चांदी, मंजू अग्रवाल मीरा नगर से 2 लाख, रेखा भाटिया थाटीपुर से 26 लाख, 200 ग्राम सोना और सुरेन्द्र जैन निवासी सुरेश नगर से 8 लाख रुपए लेकर धोखाधड़ी की है। तभी सभी फरियादी पुलिस थाने पहुंचे और इसकी शिकायत की। वहीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमानयत में खयानत, ठगी का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *