जिला प्रशासन ने सभी कारोबारियों को शिफ्टिंग का दिया है अल्टीमेटम, दूसरा धड़ा फिर से जता रहा विरोध

ग्वालियर. कोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन और मंडी कमेटी ने सभी सब्जी कारोबारियों को लक्ष्मीगंज स्थित नवीन सब्जी मंडी प्रांगण में 6 अप्रेल तक शिफ्ट होने का अल्टीमेटम दिया है, बावजूद इसके सब्जी कारोबारियों का एक धड़ा फिर से इसके विरोध में उतर आया है। ये धड़ा अपने निजी स्वार्थ के चलते पुरानी मंडी छोड़कर नवीन मंडी प्रांगण में शिफ्ट होना ही नहीं चाहता है। इसके चलते इन कारोबारियों ने जनप्रतिनिधियों के चक्कर लगाना शुरू कर दिए है। वहीं लक्ष्मीगंज कृषि उपज मंडी कमेटी ने नवीन मंडी प्रांगण में साफ-सफाई, पानी और बिजली की समुचित व्यवस्था कराना शुरू कर दिया है। नवीन मंडी परिसर के गोदामों में सोमवार से बिजली लगाने का काम भी शुरू हो जाएगा। इसके साथ ही शिफ्टिंग के लिए पुरानी मंडी में रोजाना अनाउंसमेंट कराने के साथ बैनर भी टांग दिए गए है। मंडी कमेटी के सचिव गजेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश के अनुसार सभी कारोबारियों को 6 अप्रेल तक नवीन मंडी परिसर में शिफ्ट होना है इसके चलते यहां सभी जरूरी काम पूरे किए जा रहे है।

पुरानी सब्जी मंडी से हटाए अतिक्रमण
शुक्रवार को एडीएम डॉ.इच्छित गढ़पाले और एसडीएम अनिल बनवारिया ने लक्ष्मीगंज स्थित पुरानी सब्जी मंडी का भ्रमण कर यहां किए गए अतिक्रमण को देखा था। रविवार को दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक यहां पहुंची टीम ने टिन शेड के बाहर व्यापारियों की ओर से किए गए अतिक्रमण को हटा दिया। टिन शेड के बाहर करीब 50 फीट क्षेत्र में सब्जी कारोबारियों ने अतिक्रमण किया हुआ था, इसे ढ़हा दिया गया। इसके साथ ही अब दरगाह के पास किया गया अतिक्रमण भी हटाया जाएगा। टीम ने नवीन मंडी प्रांगण के नीलामी शेड में लगे कांटे आदि के अतिक्रमण हटाकर सामान लेकर चली गई। वहीं शाम होते-होते कुछ कारोबारियों ने दोबारा पुरानी मंडी टिन शेड के आगे बांस लगाना शुरू कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *