उमा बोलीं- मैं चिंतित हूं कि MP की बेटियों की इज्जत और बेटों की जान पर खेलकर हम राजस्व कमा रहे
भोपाल. पूर्व सीएम उमा भारती ने शराबबंदी के लिए मोर्चा खोल रखा है, इस पर उमा भारती और सीएम शिवराज सिंह में टकराव बढ़ता दिखाई दे रहा है। इस बार उमा भारती ने शुक्रवार देर शाम ट्वीट किए। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि में मध्य प्रदेश की महिलाओं और बेटियों के साथ हूं। शराबखोरी के शिकार हो रहे बेटों के लिए भी चिंतित हूं। उनकी इज्जत व जान पर खेलकर हम राजस्व कमा रहे है इस पर शर्मिंदा हूं। वहीं भाजपा की छत्तीसगढ़ व दिल्ली राज्य इकाइयां शराब नीति के विरोध में उतर आए है। उन्होंने आगे कहा कि शनिवार से चैत्र नवरात्रि शुरू हो गई है और शुक्रवार को मध्य प्रदेश में नई शराब नीति लागू हो गई है। इसमें लोगों को ज्यादा शराब कैसे पिलाई जा सके अहातों में ज्यादा शराब कैसे परोसी जा सके इस व्यवस्था को निश्चित किया है और इसका विरोध किया जा रहा है।
मार्केट के लोगों को उमा भारती ने दिया आश्वासन
पूर्व सीएम उमा भारती शुक्रवार शाम साढ़े 7 बजे सुरेंद्र लैंड मार्क मार्केट पहुंचीं। यहां व्यापारी और आमजन शराब दुकान खुलने का विरोध जता रहे हैं। इन्होंने उमा भारती से मुलाकात कर ठेका हटाने की बात कही थी। सुरेंद्र लैंड मार्क व्यापारी संघ के अध्यक्ष आदित्य पाटीदार ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री भारती करीब 15 मिनट रुकीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे दुकान को शिफ्ट कराएंगी। अध्यक्ष पाटीदार ने बताया कि दुकान हटने तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
महिलाओं का अपमान किया तो सिर भी फोड़ दूंगी
शराब में पत्थर मारने की घटना के बाद उमा ने कहा कि ”मैं तो ऐसी ही प्रतिक्रिया देती हूं। चाहे गौमाता पर अत्याचार हो या महिलाओं पर अत्याचार। वह तो अच्छा हुआ कि शराब की बोतलें थीं, लेकिन महिलाओं का अपमान यदि कोई पुरुष भी करेगा, तो मैं उसका भी सिर फोड़ दूंगी।’ मैंने पत्थर मारने से पहले दुकान पर काम करने वालों को साइड में कर दिया था। प्रशासन को एक हफ्ते का समय दिया है। उस शराब दुकान को तो हटाना ही होगा।
