दीप प्रज्ज्वलित कर मनाया नव वर्ष

ग्वालियर नववर्ष के दिन प्रत्येक इंसान चाहे कहीं भी हो अपने आपको को उत्साहित, प्रफुल्लित व नई उर्जा से ओतप्रोत महसूस करता है। अधिकतर देशवासी 1 जनवरी को ही नववर्ष की शुरुआत मानते हैं लेकिन अपनी संस्कृति व इतिहास के प्रति हमारी उदासीनता के चलते यह सत्य नहीं है। 1 जनवरी से शुरू होने वाला कैलेंडर तो ग्रिगोरियन कैलेंडर है। आज जिस भारतीय संस्कृति का अनुसरण विदेशी लोगों ने करना शुरू किया है उसी भारतीय संस्कृति व सभ्यता को हम तहस-नहस करने पर तुले हैं। भारतीय कैलेंडर के अनुसार नववर्ष का आगाज 1 जनवरी से नहीं, बल्कि चैत्र मास की शुक्ल प्रतिपदा से नवसंवत्सर आरंभ होता है जो अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार अक्सर मार्च-अप्रैल माह में आता है। हिंदू नववर्ष यानी संवत 2079 इस वर्ष 2 अप्रैल यानी शनिवार से शुरू होने जा रहा है। उक्त बात आज भाजपा जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी ने भाजपा हेमू कालानी मंडल में हेमू कालानी चौक, महाराज बाडे पर आयोजित विक्रम संवत 2079 हिंदू नव वर्ष के स्वागत कार्यक्रम में कही। इस अवसर पर दीप जलाकर आतिशबाजी कर नववर्ष का स्वागत किया गया।
एक विक्रम संवत में 12 माह होते हैं, 30 दिनों का एक माह होता है और 7 दिनों का एक सप्ताह होता है। इस कैलेंडर में तिथि की गणना होती है। इसी विक्रम संवत कैलेंडर को आधार मानकर अन्य धर्म के लोगों ने अपने कैलेंडर बनाए। विक्रम संवत की प्रत्येक तिथि यानी दिन की गणना सूर्योदय को आधार मानकर किया जाता है। हिंदू कैलेंडर का हर दिन सूर्योदय से शुरु होता है और अगले सूर्योदय तक मान्य होता है। विक्रम संवत के एक माह के दो हिस्से हैं। पहला कृष्ण पक्ष और दूसरा शुक्ल पक्ष। 15 दिनों का एक पक्ष होता है। कृष्ण पक्ष का 15 दिन अमावस्या और शुक्ल पक्ष का 15वां दिन पूर्णिमा होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *