दतिया की सिंध नदी में डूबे युवक का शव 48 घंटे बाद मिला
दतिया. सिंध नदी में मंगलवार की दोपहर नहाने गये एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गयी। एनडीआरएफ और गोताखोरों की कड़ी मेहनत के बाद शव को 48 घंटे के बाद गुरूवार की सुबह पानी से बाहर निकाला। मृतक का नाम रंजीत यादव 19 वर्ष है। मृतक रेत कंपनी की गाड़ी के ड्रायवर के साथ फिरोजाबाद से नदी से रेत लेने आया था।
क्या है पूरा मामला
डीपार थाना प्रभारी वैभव गुप्ता ने बताया कि रंजीत रेत कंपनी की गाड़ी के ड्राइवर के साथ फैजाबाद से यहां आया था। सिंध नदी रेत घाट पर ड्राइवर के साथ नहाने चला गया। गहरे पानी में जाने के बाद नदी में डूब गया। वहां मौजूद एक दोस्त ने उसे बचाने का प्रयास किया किन्तु बचा नहीं सका। इसके बाद वहां शोर मच गया और आसपास गांव के लोग घटनास्थल पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटना स्थल पर पहुँची। गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम ने युवक के शव को गुरुवार को डूबे हुए स्थान से लगभग 200 मीटर आगे खोज निकाला। युवक के परिजनों को भी सूचना दी गई थी। वह भी मौके पर पहुंच गए हैं। शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
