मेपआईटी की प्रारंभिक जांच में बड़ा खुलासा, जो सवाल स्क्रीन शॉट में थे, वे परिवहन मंत्री के कॉलेज से लीक हुए
भोपाल. व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) की प्राथमिक शाला शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) कर पेपर लीक होने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। यह पेपर प्रदेश के परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के कॉलेज ज्ञानवीर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से लीक हुआ था। जिस पेपर का स्क्रीन शॉट वायरल हो रहा है वह इसी कॉलेज से परीक्षा देने वाले छात्र मनोज कुमार पाटिल का है।
स्क्रीन शॉट परीक्षा के पहले या दौरान लिया गया
यह जानकारी मेपआईटी की प्रारंभिक जांच में मिली इसके अनुसार 25 मार्च के पेपर का कुछ हिस्सा स्क्रीन शॉट के रूप में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। यह किसी कंप्यूटर का था। पड़ताल में उन सभी सेंटर की जांच की गई जो परीक्षा केंद्र थे। इस दौरान सागर के ज्ञानवीर इंस्टीट्यूट के कंप्यूटर की जांच की गई तो पता चला कि वायरल पेपर इसी केंद्र के एक परीक्षार्थी का था। यह स्क्रीन शॉट परीक्षा के पहले या दौरान लिया गया, यह पता नहीं चल सका है।
जयपुर की कंपनी ने परीक्षा के लिए किराए पर लिया था इंस्टीट्यूट
इस सेंटर के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई, पर सबूत नहीं मिले। आशंका है कि छात्र या परीक्षा से जुड़े किसी कर्मचारी ने स्क्रीन शॉट लिया होगा। इस बारे में ज्ञानवीर इंस्टीट्यूट के एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर मनीष जैन ने कहा कि व्यापमं की ओर से परीक्षा एजेंसी जयपुर की साई एडुकेयर ने संस्थान को परीक्षा के लिए किराए पर लिया था। एजेंसी ने हमारे 250 कंप्यूटर का उपयोग किया। इसलिए हमारे संस्थान से लापरवाही का सवाल ही पैदा नहीं होता।
