MP में छठवें वेतनमान के लिए वित्त विभाग ने जारी नहीं किए आदेश
भोपाल. शिवराज सरकार ने तो प्रदेश के अधिकारियों-कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 11 प्रतिशत बढ़ा दिया, पर वित्त विभाग ने छठवां वेतनमान प्राप्त कर रहे अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए अभी तक इसके आदेश ही जारी नहीं किए हैं। जबकि, सातवां वेतनमान ले रहे कर्मचारियों के आदेश जारी हो चुके हैं। सरकार ने मार्च के वेतन से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ देने का निर्णय लिया है। इसके लिए विभागों में बिल भी तैयार होने लगे हैं, पर छठवां वेतनमान ले रहे कर्मचारियों को लेकर उलझन बनी हुई है।
9 दिन बाद भी छठवें वेतनमान में महंगाई भत्ता बढ़ाए जाने के आदेश नहीं हुए
प्रदेश में अभी तक जब भी महंगाई भत्ते में वृद्धि की जाती है तो वित्त विभाग एक साथ छठवां और सातवां वेतनमान ले रहे अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए एक ही दिन आदेश जारी किए जाते हैं। इस बार वित्त विभाग ने सातवां वेतनमान ले रहे कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बीस से बढ़ाकर 31 प्रतिशत करने का आदेश 21 मार्च को जारी किया। नौ दिन बीतने के बाद भी छठवें वेतनमान में महंगाई भत्ता बढ़ाए जाने के आदेश नहीं हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि विभाग में अभी यह गणना की जा रही है कि वृद्धि कितनी होगी। अभी इन्हें 171 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है। इस वेतनमान में मंत्रालय सहित निगम, मंडल और प्राधिकरण के कर्मचारी आते हैं।
