ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर पदस्थ सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की कुंडली तैयार की जा रही, रेलवे कराएगा प्रशिक्षण
ग्वालियर. उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के अधीन ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर पदस्थ सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की कुंडली तैयार की जा रही है। इन अफसरों और कर्मचारियों का पूरा सर्विस रिकॉर्ड निकालकर देखा जा रहा है। इस रिकॉर्ड को झांसी मंडल के माध्यम से प्रयागराज स्थित मुख्यालय भेजा जाएगा, इसके बाद सर्विस रिकॉर्ड के आधार पर इन कर्मचारियों को रेलवे बोर्ड द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे ज्यादा बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर सकें। अभी झांसी स्टेशन पर पदस्थ कर्मचारियों का प्रशिक्षण चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक रेलवे द्वारा अपने अफसरों और कर्मचारियों के प्रदर्शन को और बेहतर करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत यात्री सुविधाओं से सीधे तौर पर जुड़े हुए स्टेशन डायरेक्टर, स्टेशन प्रबंधक, डिप्टी एसएस कामर्शियल, चीफ कामर्शियल इंस्पेक्टर, चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर के अलावा बुकिंग, पार्सल, आपरेटिंग, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इंजीनियरिंग विभाग के अफसरों व कर्मचारियों का सर्विस रिकार्ड निकालकर इकजाई किया जा रहा है। इसमें नौकरी में आने के दिन से लेकर अभी तक हुई उनकी पदोन्नति, उनकी वेतनवृद्धियां, उनके वर्तमान वेतन के साथ ही उन्हें मिली अभी तक के दंड या फिर प्रशस्तियों तक की जानकारी मांगी गई है। स्टेशन पर विभिन्न विभागों के अफसर अपने साथ ही अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का यह रिकार्ड तैयार करा रहे हैं। रेलवे की मंशा है कि जो अफसर और कर्मचारी सीधे तौर पर यात्री सुविधा से जुड़े हुए हैं, पहले उन्हें प्रशिक्षण दिया जाए। इसमें उन्हें बताया जाएगा कि कैसे वे अपने परफार्मेंस में सुधार ला सकते हैं और यात्री सुविधाओं सहित रेलवे की आय बढ़ाने में क्या-क्या मदद कर सकते हैं। आगामी 31 मार्च तक सभी विभागों को यह जानकारी झांसी मंडल को उपलब्ध करानी होगी। इसके बाद इसे मुख्यालय भेजकर प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाएगा। जिससे कर्मचारियों काे काफी लाभ हाेगा।
