वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन – शहरवासियों को एक अप्रैल से प्रतिदिन मिलेगा पेयजल – ज्योतिरादित्य सिंधिया
ग्वालियर केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को 296.52 करोड़ रूपए की लागत से अमृत परियोजना के तहत निर्मित किए गए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन किया। इस प्लांट के माध्यम से ग्वालियर में एक अप्रैल से प्रतिदिन जल प्रदाय किया जायेगा।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि 160 एमएलडी के इस वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का अवलोकन शहर के जनप्रतिनिधियों, नागरिकों के साथ-साथ विद्यार्थियों को भी अवश्य कराया जाए, ताकि लोगों को मालूम पड़ सके कि उनके घर तक पहुँचने वाला पेयजल, कितनी प्रक्रिया के बाद उनके पास पहुँचता है। अमृत परियोजना के तहत सभी डीएमए का काम पूर्ण होने के बाद ग्वालियरवासियों को 24×7 पानी उपलब्ध होने लगेगा।
निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त आशीष सक्सेना एवं नगर निगम आयुक्तकिशोर कन्याल ने केन्द्रीय मंत्री को अमृत परियोजना के तहत किए गए कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। अधीक्षण यंत्री जल प्रदाय आरएलएस मौर्य ने जानकारी दी कि अमृत परियोजना के तहत कुल 296.52 करोड़ रूपए की लागत से 836 किलोमीटर लाईन बिछाई गई है। 160 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण आर्ट ऑफ स्टेट पर आधारित तकनीक से किया गया है। इस प्लांट का मैन्युअल एवं ऑटो दोनों मोड पर संचालन किया जा सकता है।
57 टंकियाँ भरी जा सकती हैं
उन्होंने बताया कि जलालपुर प्लांट से कुल 57 टंकियाँ भरी जा सकती हैं, जिसमें से 34 टंकियां मुरार क्षेत्र एवं 23 टंकियां लश्कर क्षेत्र की शामिल हैं। इस प्लांट का निर्माण वर्ष 2050 की जनसंख्या को दृष्टिगत रखते हुए किया गया है। प्लांट को पीएलसी स्काडा से जोड़ा गया है। इसके साथ ही पूर्व में स्थित तीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट 68 एमएलडी ओल्ड एवं 68 एमएलडी न्यू मोतीझील प्लांट, 45 एमएलडी तिघरा तथा शहर की 96 टंकियों को स्काडा से जोड़ा गया है। परियोजना के तहत अब तक 75 हजार हाउस सर्विस कनेक्शन दिए गए हैं। इस योजना से शहर की लगभग 4.5 लाख जनसंख्या लाभान्वित होगी।
अमृत परियोजना की प्रदर्शनी का किया अवलोकन
जलालपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर नगर निगम के जनसंपर्क विभाग द्वारा अमृत परियोजना पर केन्द्रित फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से अमृत परियोजना में अब तक किए गए कार्यों को छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। केन्द्रीय मंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और छायाचित्रों के माध्यम से भी परियोजना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
अमृत परियोजना की पुस्तिका का किया विमोचन
अमृत परियोजना के तहत पेयजल के क्षेत्र में किए गए निर्माण कार्यों के साथ ही वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और पाइप लाईन बिछाने के कार्य पर केन्द्रित एक पुस्तिका भी तैयार की गई है। इस पुस्तिका का विमोचन भी केन्द्रीय मंत्री एवं अतिथियों ने किया। इस पुस्तिका में अमृत परियोजना के संबंध में छायाचित्रों और आंकडों के माध्यम से जानकारी प्रदर्शित की गई है।
ट्रीटमेंट प्लांट पर किया पौधरोपण
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के अवलोकन के साथ ही ट्रीटमेंट प्लांट पर पौधरोपण भी किया। उन्होंने प्लांट के आस-पास अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर इसे हरा-भरा बनाने के दिशा-निर्देश भी दिए।
