2023 विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा को विभीषण की तलाश, इमारत भोपाल में, खाका खींच रहे दिल्ली में

भोपाल. 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी अपना प्रदेश कार्यालय आलीशान बनाने जा रही है। इसका खाका भोपाल में नहीं, बल्कि दिल्ली में राष्ट्रीय नेता खींच रहे हैं। इस बहुमंजिला इमारत को बनाने के लिए किराएदारों (बीजेपी कार्यालय के एक हिस्से में मार्केट है) को हटाना पड़ेगा। लिहाजा, मप्र के नेताओं को इस प्रोजेक्ट से दूर रखा गया है। अस्थायी कार्यालय के लिए बड़े से बंगले की तलाश चल रही है। सुना है कि किसी ने दुकानदारों को बता दिया कि दुकानें खाली कराने की तैयारी गुपचुप तरीके से चल रही है। लिहाजा, दुकानदारों ने कोर्ट की शरण लेने की कवायद शुरू कर दी। जब यह भनक हाईकमान को लगी, तो उन्होंने विभीषण की तलाश शुरू कर दी है।

पत्थर फेंकने का दांव उलटा पड़ गया
बीजेपी की फायर ब्रांड नेता रहीं उमा भारती पिछले दिनों भोपाल में शराब की दुकान में घुसकर पत्थर मारकर वे भले ही मीडिया में सुर्खियों में आ गईं, लेकिन जिस रणनीति के तहत उन्होंने यह दांव खेला था, वह उलटा पड़ गया। सुना है कि बीजेपी की टॉप लीडरशिप से लेकर संघ तक ने उनके इस व्यवहार पर नाखुशी जाहिर की है। उमा से यहां तक कह दिया गया कि उनके इस आचरण से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा है। दरअसल, मध्यप्रदेश की पॉलिटिक्स के लिए उमा भारती अप्रासंगिक हो गईं। उमा भारती के अंदर इसकी टीस बरकरार है। उमा को मिली फटकार के बाद शिवराज सिंह चौहान को मंद-मंद मुस्कुराने का मौका मिलना स्वाभाविक था।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *