हिजाब विवाद में फैसला सुनाने वाले जजों को Y सिक्योरिटी:धमकी भेजी, कहा- पता है मॉर्निंग वॉक करने कहां जाते हैं
नई दिल्ली. हिजाब विवाद में फैसला सुनाने वाले जजों को धमकियां मिल रही है। इनमें हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रितुराज अवस्थी भी शामिल है। कर्नाटक हाईकोर्ट के वकील उमापति को सोशल मीडिया पर एक वीडियो मिला था। इसमें कहा गया था कि हम जानते है कि चीफ जस्टिस मॉर्निंग वॉक के लिए कहां जाते हैं। वकील ने रजिस्ट्रार को चिट्ठी लिखकर इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। धमकी को देखते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने जजों को Y कैटेगरी की सुरक्षा देने की घोषणा की है। सीएम ने कहा कि हमने हिजाब पर फैसला देने वाले सभी 3 जजों को Y कैटेगरी की सुरक्षा देने का फैसला किया है। साथ ही आईजी को जजों को मिल रही धमकी के मामले में जांच के निर्देश दिए है।
जज की हत्या करने की धमकी
रजिस्ट्रार को लिख पत्र में वकील उमापिति ने कहा कि मुझे सुबह करीब 9.45 बजे व्हॉट्सऐप पर एक वीडियो मिला जो तमिल में है। वीडियो में हिजाब विवाद पर फैसला सुनाने वाले जजों और कर्नाटक हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की हत्या करने की बात कही गई है। वकील का आरोप है कि वीडियो तमिलनाडु का है। वीडियो के बैकग्राउंड में स्पीकर से झारखंड में हुई जज की हत्या के बारे में बताया जा रहा है।
झारखंड में पिछले साल एक ऑटोरिक्शा से एक जज की हत्या कर दी गई थी। वारदात की CCTV फुटेज भी सामने आया था, जिसके बाद मामला CBI के पास चला गया था। वकील ने बताया- वीडियो में आरोपी ये कहकर धमकी दे रहा है कि लोगों को पता है कि चीफ जस्टिस मॉर्निंग वॉक के लिए कहां जाते हैं। वहीं फैसला देने वाले बाकी दो जजों को भी लगातार धमकियां मिल रही हैं।
