भाईदूज पर बहन ने टीका किया बदले में भाई ने हाथ और पेट में मार दिया चाकू

ग्वालियर. भाईदूज पर एक भाई ने अपनी ही सगी बहन के हाथ और पेट में तीन बार चाकू घोंप दिए। बहन ने टीका कर भाई से रुपए मांगे थे, लेकिन उसी समय गुस्से में आए भाई ने बहन को कमरे में बुलाकर चाकू से हमला कर दिया। घटना सुरेश नगर में शनिवार को भाईदूज के मौके की है। हमला करने के बाद आरोपी भाई फरार हो गया है।
घायल को परिजन ने जेएएच के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पेट के जख्म शायद भर भी जाएं, लेकिन भाईदूज के मौके पर एक भाई ने बहन के दिल और मन पर जो जख्म दिए हैं वह शायद ही कभी भर पाएं। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
शहर के थाटीपुर स्थित सुरेश नगर निवासी 18 वर्षीय नेहा पुत्री गिरीश जाटव बीए की छात्रा है। शनिवार को उसके मां-पापा किसी काम से बाहर गए थे। भाई दूज का मौका था। उसने अपने भाई कौशल (22) को टीका किया था। बहन ने टीका करने के बाद 500 रुपए मांगे थे, लेकिन कौशल ने उसे नहीं दिए। इसके बाद दोनों कोल्डड्रिंक पीने लगे। तभी उनके घर की डोर बेल बजी तो छात्रा गेट खोलने के लिए पहुंची। दरवाजा खोला तो देखा कि बुआ और उनका बेटा आया हुआ है। वह बुआ और भाई से बात कर रही थी, तभी कौशल ने उसे ऊपर बुलाया, जिस पर नेहा भाई की बात सुनने उसके पास पहुंची। यहां पर कैलाश ने उसका मुंह बंद कर चाकू से उस पर हमला किया। बहन को लहूलुहान छोड़कर वह भाग गया।

लहूलुहान छात्रा को परिजन ने पहुंचाया अस्पताल
घटना को अंजाम देकर आरोपी भाई वहां से भाग निकला। मामले का पता चलते ही परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे और गंभीर हालत में भर्ती कराया। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश तो की है, लेकिन वह अपने घर से गायब मिला। पुलिस ने पीड़ित छात्रा की शिकायत पर आरोपी भाई के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *