थाटीपुर पुनर्घनत्वीकरणः थाटीपुर में बरती जाएगी सख्ती, 7 दिन में क्वार्टर खाली कराने की तैयारी

ग्वालियर. थाटीपुर स्थित शासकीय क्वार्टरों को गिराकर तैयार होने वाले पुनर्घनत्वीकरण प्रोजेक्ट में अधिकारी-कर्मचारी परिवारों को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए किराया स्वीकृति के साथ ही सख्ती बरतने की तैयारी की जा रही है। मप्र हाउसिंग बोर्ड, भोपाल के अपर आयुक्त-2 ने बोर्ड के ग्वालियर उपायुक्त को आदेश भेजकर कहा है कि अगले 7 दिन में उन परिवारों को ग्वालियर विकास प्राधिकरण की स्कीम भगवान सिंह माथुर एनक्लेव के फ्लैटों में शिफ्ट कराएं। जिन्होंने क्वार्टर खाली करने के लिए सहमति दे दी है। जानकारी के अनुसार अब तक 14 परिवारों ने क्वार्टर छोड़ने पर सहमति दे दी है और बोर्ड ने जीडीए से 18 फ्लैट 3 वर्ष के लिए किराए पर लिए हैं।

जीडीए को एक फ्लैट का किराया 13494 रुपए महीना
बोर्ड ने जीडीए की स्कीम भगवान सिंह माथुर एनक्लेव में 18 फ्लैट 36 महीने यानी कि 3 वर्ष के लिए किराए पर लिए हैं। जिनका 3 वर्ष का किराया 8743752 रुपए स्वीकृत कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार इस स्वीकृति के तहत हर फ्लैट का प्रतिमाह किराया 13494 रुपए बोर्ड द्वारा भुगता जाएगा। पहले चरण के तहत सी, बी और एफ ब्लॉक में प्रोजेक्ट पर काम किया जाएगा। जानकारी के अनुसार 68 क्वार्टरों को इस काम के लिए तोड़ा जाना है। जिसकी शुरूआत एफ ब्लॉक के क्वार्टर नंबर 10 से हो चुकी है। इससे पहले एफ ब्लॉक में दूसरे क्वार्टर को तोड़ने की कार्यवाही की गई थी लेकिन लोगों के विरोध के कारण कार्यवाही रोकनी पड़ी।

थाटीपुर में जिन जमीन पर ये प्रोजेक्ट प्रस्तावित है, वह जमीन 30.06 हेक्टेयर है। इसमें से 13 हेक्टेयर जमीन पर हाउसिंग बोर्ड ने प्लानिंग की है और हाईराइज बिल्डिंग में सरकारी अधिकारी-कर्मचारी परिवारों के लिए फ्लैट बनाए जाएंगे। शेष पर सरकारी स्कूल, कमर्शियल कांपलेक्स और गार्डन की प्लानिंग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *