MP में 1 अप्रैल से मजदूरों का कैशलेस इलाज
भोपाल. बिल्डिंग, सड़क, ब्रिज, तालाब सहित तमाम साइट्स पर निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों को 1 अप्रैल से कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके लिए मध्यप्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार मंडल में दर्ज 12 लाख 50 हजार निर्माण श्रमिकों को आयुष्मान योजना से जोड़ने पर काम चल रहा है। मजदूरों के परिवार को सालाना पांच लाख रुपए तक के फ्री इलाज की सुविधा मिलेगी। आयुष्मान भारत निरामयम सोसाइटी से कर्मकार मंडल ने इसको लेकर अनुबंध किया है।
कर्मकार मंडल में दर्ज श्रमिकों के परिवारों को कार्ड बनाकर फ्री इलाज की सुविधा दी जाएगी। कर्मकार मंडल में रजिस्टर्ड निर्माण श्रमिकों का डाटा आयुष्मान योजना के पोर्टल से जोड़ा जा रहा है। करीब 7.50 लाख श्रमिकों का डाटा लगभग तैयार हो चुका है। इन्हें कार्ड बनाकर उपलब्ध कराए जाएंगे।
ऐसे बनेंगे कार्ड
आयुष्मान भारत निरामयम सोसाइटी के सीईओ अनुराग चौधरी ने बताया कि कर्मकार मंडल में पंजीकृत भवन, सड़क, सरकारी योजनाओं में लगे मजदूरों सहित असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को कार्ड बनाकर दिए जाएंगे। इसके लिए कंस्ट्रक्शन साइट्स पर कैंप लगाए जाएंगे। इसके अलावा कर्मकार मंडल के कार्डधारी मजदूर अपना श्रमिक कार्ड, आधार कार्ड और समग्र आईडी लेकर कियोस्क सेंटर पर भी कार्ड बनवा सकते हैं।
