MP में बच्चों के वैक्सीनेशन में बड़ा बदलाव
भोपाल. मध्यप्रदेश में 23 मार्च से 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों के लिए वैक्सीनेशन का बड़ा अभियान चलाया जाना है। पिछले कुछ दिनों में अचानक गर्मी बढ़ने के कारण इस टीकाकरण अभियान में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। अब हर बच्चे को कॉर्बेवैक्स वैक्सीन लगाने से पहले ORS का घोल दिया जाएगा। इसके बाद ही टीका लगाएंगे। यह व्यवस्था वैक्सीन लगने वाले सभी स्कूलों व हेल्थ सेंटर्स में की जा रही है। इससे बच्चों में डिहाइड्रेशन नहीं होगा। न ही उनकी तबीयत खराब होगी। प्रदेश में इस आयु वर्ग के 30 लाख से ज्यादा बच्चों को टीका लगाना है।
राज्य कोविड टीकाकरण अधिकारी डॉ. संतोष शुक्ला ने बताया कि तेज गर्मी के बीच धूप में बच्चे वैक्सीन लगाने पहुंचेंगे। ऐसे में गर्मी के कारण उन्हें डिहाइ़ड्रेशन का शिकार हो सकते हैं। पसीना बहने से शरीर में शक्कर व नमक की मात्रा कम होने से वे बेहोश भी हो सकते हैं। ऐसे में उन्हें ORS (ओरल रिहाइड्रेशन साल्ट) का घोल पिलाया जाएगा, ताकि शरीर में नमक-पानी की कम न हो।
बच्चों को कुछ खिलाकर ही सेंटर ले जाएं
डॉ. शुक्ला ने बताया कि फिलहाल जिस तरह का मौसम है, उसे देखते हुए सभी पालकों से अनुरोध किया जा रहा है कि बच्चों को नाश्ता या कुछ खिलाकर ही सेंटर ले जाएं। पानी की मात्रा उनके शरीर में रहे, इसका भी खास ध्यान रखें। इसके बाद ही उन्हें कॉर्बेवैक्स वैक्सीन की पहली डोज लगवाएं। घर से बच्चों को कुछ खिलाने व पानी की पिलाकर लाने के साथ हर सेंटर्स में भी पानी व ORS की व्यवस्था की गई है। यह माना भी जा रहा है कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी।
