होली से पहले ग्वालियर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
ग्वालियर. कोरोना संक्रमण की बंदिशें खत्म होने से शहर की फिजा में होली की मस्ती घुल गई है। विभिन्न स्थानों पर 500 से अधिक स्थानों पर होली जलाई जाएगी। इसकी तैयारियां तेजी से चल रही हैं। जीवाजी क्लब, अचलेश्वर मंदिर, सराफा बाजार, दाल बाजार सहित तमाम स्थानों पर इस बार होली के लिए लकड़ी का प्रयोग नहीं किया जाएगा। सभी स्थानों पर कंडे की होली जलाने की तैयारियां की जा रही हैं।
होली के मौके पर शहर में सौहार्द बना रहे और किसी तरह का झगड़ा फसाद ना हो, इसके लिए पुलिस ने पर्याप्त इंतजाम किए हैं। इसी के मद्देनजर पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च महाराज बाड़े से शुरू हुआ और लश्कर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से गुजरा। माना जा रहा है कि होली से पहले पुलिस इसी तरह के और फ्लैग मार्च निकालेगी ताकि लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिले। आमतौर पर जिले में होली के मौके पर शांति रहती है लेकिन पुलिस ऐसा कोई मौका नहीं छोड़ना चाहती है जिससे शांति व्यवस्था बिगड़े।
ग्वालियर के कटोरा ताल पर स्थित जीवाजी क्लब में होलिका दहन कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7.30 बजे आयोजित किया जाएगा। दो साल से जीवाजी क्लब में होली का त्योहार नहीं मनाया जा रहा था। इस साल होली को लेकर जीवाजी क्लब के सदस्यों में विशेष उत्साह है। होलिका दहन की शाम जीवाजी क्लब होली के गीतों पर गूंज उठेगा। होली के तरानों के साथ हंसी-ठिठोली और रंगों की बरसात होगी।
कई महायोगों का रहेगा संयोग
ज्योतिषाचार्य डॉ. सतीश सोनी ने बताया कि इस बार भद्रा होने से होली का दहन पुंछ काल की भद्रा में किया जा सकेगा, जिस का मुहूर्त रात्रि 9.20 बजे से 10.31 बजे तक है। इस बार गुरुवार को होलिका दहन है। जो कि देव गुरु बृहस्पति का दिन है। इस दिन वृद्धि योग, अमृत सिद्धि योग, सर्वार्थ सिद्धि योग, ध्रुव योग, वरिष्ठ योग और केदार योग भी रहेगा। ऐसे महायोग इससे पहले कभी नहीं बने हैं। इन शुभ योगों में होलिका दहन शुभ रहेगा।
