9 मार्च को भारत पर जवाबी हमला करने वाला था पाकिस्तान
नई दिल्ली. 9 मार्च को भारत की एक अनआर्म्ड मिसाइल गलती से चली और पाकिस्तान में 124 किलोमीटर अंदर जाकर मियां चन्नू इलाके में गिरी। शुरूआत में पाकिस्तानी फौज ने इसे भारत का हमला माना और जवाबी मिसाइल दागने की तैयारी कर ली थी लेकिन वक्त रहते उसने इरादा बदल दिया।
इसकी दो वजह थी
पहली- इस मिसाइल पर कोई वॉरहेड यानी हथियार नहीं था।
दूसरा- पहली नजर में यह लग रहा था कि यह जानबूझकर फायर नहीं की गई। खास बात यह है कि इस तरह के हालात से निपटने के लिए दोनों देशों के पास हॉटलाइन मौजूद है लेकिन एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि भारत ने हॉटलाइन पर भी पाकिस्तान को इसकी जानकारी नहीं दी।
जवाब देने से क्यों रुक गया पाकिस्तान
पाकिस्तान ने जवाबी हमले की तैयारी कर ली थी, लेकिन फिर रुक गया। पाकिस्तानी फौज के जिम्मेदार अफसरों को लग गया था कि कुछ गड़बड़ हुई है। यही वजह है कि अफसरों ने जवाबी कार्रवाई टाल दी। पाकिस्तान के अफसरों का दावा है कि मिसाइल सिरसा से फायर हुई, जबकि रिपोर्ट में बताया गया है कि यह अम्बाला से दागी गई। माना जा रहा है कि इसमें ह्यूमन और टेक्निकल एरर दोनों शामिल थे। यह गड़बड़ रूटीन चेकिंग सिस्टम के दौरान हुई।
