1 रुपए में टीवी, फ्रिज, साइकिल और खिलौने खरीदकर जरूरतमंदों ने मनाई खुशियों वाली दिवाली

नगर निगम की  पहल ‘स्वच्छता की दिवाली एक रुपए वाली’ बनी हजारों परिवारों के चेहरे पर मुस्कान की वजह
25 हजार से अधिक उपयोगी वस्तुओं का हुआ संग्रहण एवं वितरण
ग्वालियर 05 नवम्बर 2026- दीपावली का पर्व हर किसी के जीवन में खुशियां लेकर आए और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी अपनी जरूरतों का सामान खरीदकर त्योहार की खुशियां मना सकें, इसी मानवीय भावना के साथ नगर निगम ग्वालियर द्वारा शुरू की गई अनूठी पहल ‘स्वच्छता की दिवाली एक रुपए वाली’ ने इस बार हजारों जरूरतमंद परिवारों की दीपावली को खास बना दिया। धनतेरस से पूर्व आयोजित इस विशेष अभियान में जरूरतमंद नागरिकों ने महज एक रुपए में टीवी, फ्रिज, आरओ, ट्रॉली बैग, बच्चों की साइकिल, जूते, खिलौने और कपड़ों सहित अनेक उपयोगी वस्तुएं खरीदीं। अपनी पसंद और जरूरत का सामान पाकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
सुमन ने लिया फ्रिज तो ओमवती ने खरीदी टीवी वहीं देवांश को मिली साइकिल
स्वच्छता की दिवाली एक रूपये वाली के आयोजन के दौरान जब सामग्री वितरण की जा रही थी, तो उत्सव जैसा माहौल था। गोल पहाडिया निवासी श्रीमती सुमन कुषवाह ने कहा कि मैं भी कई साल से फ्रिज खरीदने का सपना देखती थी, लेकिन आज नगर निगम की इस पहल ने मुझे दीपावली पर फ्रिज खरीदने का मौका दिया। वहीं श्रीमती ओमवती वाल्मीक ने कहा कि हम जब दूसरों के यहां टीवी देखते थे, तो लगता था कि हमारे यहां भी रंगीन टीवी होना चाहिए और नगर निगम ने आज मेरा यह सपना पूरा कर दिया। वहीं ममता गौड ने आरओ तो इरफान ने पलंग खरीदा। कार्यक्रम के दौरान एक बच्चे देवांश की खुशी तो देखते ही बन रही थी, क्योंकि उसे अपने लिए एक साइकिल मिल गई। अन्य लोगों ने भी अपनी जरूरत के हिसाब से सामग्री खरीदी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *