धनतेरस पर ग्वालियर में 900 करोड़ के कारोबार की उम्मीद, बाजारों में उमड़ेगी खरीदारों की भीड़

ग्वालियर. दीपावली के पांच दिवसीय महापर्व की रंगत से ग्वालियर के बाजार सराबोर है, धनतेरस पर महाराज बाडा, मुरार और किलागेट के प्रमुख बाजार दुल्हन की तरह सजकर तैयार है। सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और रियल एस्टेट सेक्टर में इस बार 700 से 900 करोड रुपए तक के कारोबार की उम्मीद है। पिछले साल धनतेरस पर रात 11.15 बजे तक करीब 500 करोड रुप्ए का कारोबार हुआ था जिसमें बुलियन और रियल एस्टेट की बडी हिस्सेदारी रही। सोना-चांदी की कीमतों में स्थिरता और कंपनियों की आकर्षक डिस्काउंट स्कीमों से ग्राहकों में उत्साह है। बाजारें में सुबह से ही खरीदारों की चहल-पहल शुरू हो गई है।
सराफा बाजार में भीड बढने पर नो व्हीकल जोन घोषित
धनतेरस की रात महाराज बाडा और मुख्य सराफा बाजारों में भीड बढने पर इन्हें नो व्हीकल जोन घोषित किया जाएगा। बाडा की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेडिंग की है ताकि बडे वाहनों का प्रवेश रोका जा सके। खरीदारों की सुविधा के लिए महाराज बाडा और आसपास के क्षेत्रों में आधा दर्जन से अधिक अस्थायी पार्किंग स्थल बनाए गए है।
वॉच टॉवर व ड्रोन से निगरानी
धनतेरस पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए लश्कर, मुरार और ग्वालियर उपनगरों में करीब 1200 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए है। बाजारों में हर 200 मीटर पर 20 से 25 फीट ऊंचे वॉच टॉवर बनाए गए है जहां से जवान भीड पर नजर रखेंगे। ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। मुख्य बाजारों और तंग गलियों के मुहानों पर क्राइम ब्रांच के जवान सादे कपडाों में तैनात है। सराफा कारोबारियों को दुकानों के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे दुरूस्त रखने के निर्देश दिए गए है।
व्यापारी सडक पर सामान रखने से बचें
पैदल गश्त के दौरान पुलिस ने व्यापारियों से दुकानों के बाहर सडक पर सामान् नहीं फैलाने की अपील की है ताकि यातायात बाधित न हो और ग्राहकों को परेशानी न आए। ग्वालियर एसएसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने कहा कि नागरिक बेफिक्र होकर धनतेरस और दीपावली की खरीदारी करें। उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और बाजारों में पर्याप्त बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *