धनतेरस पर 900 करोड़ का व्यापार होने का अनुमान, बाजारों में सुरक्षा के लिये 1200 जवान तैनात

ग्वालियर. दीवाली के 5 दिवसीय महापर्व की रंगत से ग्वालियर के बाजार सराबोर है। धनतेरस पर महाराज बाड़ा, मुरार और किलागेट के बाजारों को दुल्हन की तरह से संजया गया है। सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और रियल एस्टेट सेक्टर में इस बार 700-800 करोड़ रूपये तक व्यापारी का अनुमान है। पिछले साल धनतेरस पर 11.15 बजे तक लगभग 500 करोड़ रूपये का व्यापार हुआ था। जिसमें बुलियन और रियल एस्टेट की बड़ी हिस्सेदारी रहीं थी। सोना-चांदी की कीमतों में स्थिरता और कंपनियों की आकर्षक डिस्काउंट योजनाओं से ग्राहकों में उत्साह है। बाजारों में सुबह से खरीदारी की चहल-पहल शुरू हो गयी है।
धनतेरस पूजा मुहूर्त: शाम 6:02 से रात 7:57 बजे तक
प्रदोष काल: शाम 5:32 से रात 8:09 बजे तक
वृषभ काल: शाम 6:02 से रात 7:57 बजे तक
जैसे ही भीड़ बढ़ेगी तो महाराज बाड़ा बनेगा नो व्हीकल जोन
धनतेरस की रात महाराज बाड़ा और मुख्य सराफा बाजारों में भीड़ बढ़ने पर इन बाजारों को नो व्हीकल जोन ऐलान किया जायेगा। महाराज बाड़े की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गो पर यातायात पुलिस ने बैरिकेडिंग की है। ताकि बड़े वाहनों का प्रवेश रोका जा सके। खरीदारी की सुविधा के लिये महाराज बाड़ा और आसपास के इलाके में आधा दर्जन से ज्यादा अस्थाई पार्किंगस्थल बनाये गये है।

1200 जवान, वॉच टॉवर और ड्रोन से निगरानी
धनतेरस पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए लश्कर, मुरार और ग्वालियर उपनगरों में करीब 1200 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। बाजारों में हर 200 मीटर पर 20 से 25 फीट ऊंचे वॉच टॉवर बनाए गए हैं, जहां से जवान भीड़ पर नजर रखेंगे। ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। मुख्य बाजारों और तंग गलियों के मुहानों पर क्राइम ब्रांच के जवान सादे कपड़ों में तैनात हैं। सराफा कारोबारियों को दुकानों के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
