MP में भाजपा की मिशन 2023 की तैयारीः संगठन महामंत्री सुहास भगत को संघ में वापस भेजा

भोपाल. मध्य प्रदेश भाजपा में मिशन 2023 को ध्यान में रखते हुए बदलाव की शुरुआत हो गई है। पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत की संघ में वापसी हो गई है। अब सुहास भगत को मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नया संगठन महामंत्री कौन होगा, इसकी घोषणा होना बाकी है। जानकारी के अनुसार फिलहाल संगठन महामंत्री का दायित्व सह-संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के पास रहेगा। भाजपा में बदलाव की संभावना काफी दिनों से जताई जा रही थी। कर्णावती में चल रही संघ की बैठक में रविवार को ये फैसला लिया गया। इसके बाद बीजेपी ने सुहास भगत को उनके वर्तमान दायित्व से मुक्त कर दिया। नए दायित्व के साथ उनका मुख्यालय अब जबलपुर होगा। उधर, बीजेपी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगत सिंह कुशवाह ने भी इस्तीफा दे दिया है।

मिशन 2023 के लिए तैयारियां तेज
गुजरात के कर्णावती में तीन दिवसीय वार्षिक ‘अखिल भारतीय प्रतिनिधि बैठक’ हुई। जिसमें ये फैसला लिया गया। अगले साल मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव में करीब डेढ़ साल का वक्त बचा है। इसे ध्यान में रखते हुए बीजेपी और संघ ने चुनावी तैयारियां अभी से तेज कर दी हैं। अब यह रणनीति मिशन-2023 के उद्देश्य से बनाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *