ग्वालियर में बुलट पर सवार होकर घर लौट रहा था युवक, तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, मौत
ग्वालियर. बुलट सवार युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन लेकर फरार हो गया, जबकि बुलट सवार ने वहीं घटना स्थल पर पड़े हुए दम तोड़ दिया है। घटना गोला का मंदिर में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के पास की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो सकी है।
यह है पूरा मामला
ग्वालियर के मोहनपुर निवासी रंजीत सिंह पेशे से किसान हैं। अभी वह मुरार के त्यागी नगर में रहते हैं। शनिवार रात को वह किसी काम से गोला का मंदिर गए थे। अपनी बुलट पर सवार होकर वह वापस लौट रहे थे। अभी वह बैंक ऑफ महाराष्ट्र के पास पहुंचे थे कि तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए। अज्ञात वाहन ने किसान की बुलट में तेज टक्कर मारी और फरार हो गया। घटना की जानकारी रास्ते से गुजर रहे एक राहगीर ने पुलिस को दी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अज्ञात भारी वाहन को तलाशने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, लेकिन रात होने के कारण वाहन के बारे में स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। रविवार दोपहर रंजीत के शव का पोस्टमार्टम किया गया है। सबसे ज्यादा चोट सिर में लगी है। ऐसा भी पता लगा है कि घटना के समय मृतक हेलमेट नहीं पहने हुए था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया है।
