शिवपुरी ग्वालियर हाईवे पर सड़क हादसे में 3 की मौत
ग्वालियर. कोरोना महामारी के बीच ग्वालियर के घाटीगांव में एक बड़ा हादसा हुआ है। पत्नी व बच्चे के साथ मोटरसाईकिल पर जा रहे परिवार की सड़क हादसे में मौत हो गई। मोटरसाईकिल पर सवार तीनों लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया है। हादसा शिवपुरी ग्वालियर हाईवे सिरसा घाटी पर हुआ है जिसमें 3 साल के मासूम सहित तीन लोगों की मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला
घाटीगांव थाना क्षेत्र के एवी रोड पर सिरसा घाटी पर सड़क हादसे में पति पत्नी और उनके 3 साल के मासूम बच्चे की मौत हुई है। देवेंद्र (25) अपनी पत्नी (22) और बेटा सत्येंद्र (3) के साथ शिवपुरी के सतनबाड़ा में अपनी ससुराल जा रहा था। घाटीगांव एवी रोड़ पर पीछे से आ रहे वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी जिसमें तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सुबह 9.30 बजे हुआ है। हादसे की जानकारी लोगों ने पुलिस को दी। देवेंद्र ग्वालियर के महाराजपुर निवासी हैं ऐसा बताया जा रहा है। वह अपनी पत्नी व बच्चे के साथ सतनबाड़ा जा रहा था और उसकी ससुराल में गमी हो गई थी जिसमें शामिल होने के लिए वो घर से निकला था। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। तीनों शवों को पीएम के लिए ग्वालियर जिला अस्पताल भिजवाया गया है।
