जीवाजी यूनिवर्सिटी:कार्यपरिषद की बैठक आज, पेश होगा 12 करोड़ रुपए के अनुमानित घाटे का बजट
ग्वालियर. जीवाजी यूनिवर्सिटी का 2022-23 का प्रस्तावित बजट गुरुवार को आयोजित की जाने वाली कार्यपरिषद की बैठक में प्रस्तुत किया जा रहा है। इस बार का प्रस्तावित बजट 12,01,92,500 रुपए घाटे का है। तैयार किए गए प्रस्तावित बजट में घाटे की वजह भी बताई गई हैं। बजट प्रस्ताव में लिखा गया है कि घाटे का मुख्य कारण शासन से वेतन भत्तों के लिए प्राप्त संधारण अनुदान अत्यंत कम होना है।
यूनिवर्सिटी के शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारियों को सातवां वेतनमान/यूजीसी वेतनमान के अनुरुप वेतन एवं एरियर्स भी दिए जा रहे हैं, इसके अलावा समय-समय देय महंगाई भत्ते में वृद्धि भी घाटे के प्रमुख कारणों में शामिल है। जेयू के वित्त विभाग द्वारा जो प्रस्तावित बजट तैयार किया गया है उसके अनुसार विभिन्न मदों से जेयू की आय 1,41,05,09,000 होगी, जबकि खर्च 1,53,07,01,500 रुपए का होगा, इस तरह से 12,01,92,500 रुपए का घाटा प्रस्तावित बजट के अनुसार होगा।
