नाम लिए बगैर गृहमंत्री मिश्रा ने कमलनाथ के बहाने विजयवर्गीय को जवाब दिया

भोपाल. सीहोर में रूद्राक्ष महोत्सव को लेकर मध्य प्रदेश की सियासत में वार-पलटवार हो रहे है। इस मामले में बुधवार को गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेता कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि अफवाह क्यों फैला रहे हो माननीय कथा यथावत चल रही है। कथा बंद नहीं की गई है सिर्फ रूद्राक्ष महोत्सव में थोड़ा फेरबदल करना पड़ा है। हालांकि उनका यह बयान कमलनाथ के लिए कम और भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के लिए ज्यादा माना जा रहा है।

गौरतलब है कि विजयवर्गीय ने ही एक दिन पहले लेटर बम फोड़ते हुए ‘कथा निरस्त’ करने पर शिवराज सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया था। उन्होंने सीधे शब्दों में लिखा था कि दबाव डालकर कथा निरस्त करा दी गई है, जबकि कमलनाथ ने ‘शिव महापुराण’ और ‘रुद्राक्ष महोत्सव’ निरस्त होने की बात कही थी। अब ऐसे में नरोत्तम मिश्रा ने अपने बयान से विजयवर्गीय के ‘कथा निरस्त’ होने के दावे को खारिज कर दिया है।

खास बात यह है कि नरोत्तम मिश्रा इंदौर के प्रभारी मंत्री हैं, वहीं विजयवर्गीय इंदौर के पूर्व महापौर हैं। गौरतलब है कि विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लेटर लिखकर पूछा था- आखिर ऐसी क्या विपदा आ गई, जो पं. प्रदीप मिश्रा पर दबाव बनवाकर कथा निरस्त कराना पड़ी।

गृहमंत्री मिश्रा ने इन्हीं सवालों के जवाब में कहा- व्यवस्थाएं सब ठीक हैं। जो आवश्यकता होगी, महाराज जी से बात कर उन्हें भी पूरा किया जाएगा। माननीय महाराज जी से मेरी खुद बात हुई थी। मैंने स्वयं उन्हें दण्डवत प्रणाम किया था। उन्होंने ही कहा था कि व्यवस्थाएं ठीक हो गई हैं। हालांकि, उन्होंने अपने बयान में विजयवर्गीय की जगह कमलनाथ को यह जवाब देना बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *