ग्वालियर में सोमवार से हटाए जाएंगे अतिक्रमण

ग्वालियर. जयेंद्रगंज से गस्त का ताजिया, महाराज बाड़ा से राममंदिर चौराहा, किलागेट से हजीरा व बारादरी चौराहे से अग्रसेन मार्ग तक की ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए सोमवार से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान ठेले वालों को नजदीक के हाकर्स जोन में शिफ्ट करने के लिए सोमवार से कार्रवाई की जाएगी। इन मार्गों पर सभी विभाग एक साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे। इन चारों मार्गों के ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए पहले ही चिन्हित कर लिया गया है। संभागीय आयुक्त आशीष सक्सेना व आईजी अनिल शर्मा की मौजूदगी में प्रशासनिक, नगर निगम व ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक गुरूवार को हुई जिसमें यह निर्णय लिया गया। इस बैठक का मुख्य बिंदु शहर की ट्रैफिक व्यवस्था के सुधार के लिए जरूरी कदम उठाना था।

पहले चरण में 4 मार्गों को कार्रवाई के लिए चिन्हित किया
इन चिन्हित चारों मार्गों पर सुबह से लेकर शाम तक जाम की स्थिति रहती है। जाम में फंसने के कारण लोग परेशान रहते हैं। संभागीय आयुक्त व आइजी ने ट्रैफिक व नगर निगम के अधिकारियों से पूछा था कि सबसे अधिक किन मार्गों पर जाम की स्थिति रहती है। अधिकारियों ने डेढ़ दर्जन से अधिक मार्गों को गिनाते हुए बताया कि जाम अस्थाई व स्थाई अतिक्रमण व ठेले वालों के सड़क पर खड़े हो जाने के कारण लगता है। पहले चरण में चार मार्गों को कार्रवाई के लिए चिन्हित किया है। इन मार्गों पर ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के बाद अन्य मार्गों पर ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *